Thursday, June 27, 2024
Latest:
चंडीगढ़जिंददेश-विदेशहरियाणा

दुष्यंत ने पार्टी का ऐलान करने के साथ ही इनेलो, भाजपा व कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का किया जनता से आह्वान*

राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज़,
,,,,,,,,,,,,,,,
दुष्यंत ने पार्टी का ऐलान करने के साथ ही इनेलो, भाजपा व कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का किया जनता से आह्वान*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
जींद :- हरियाणा प्रदेश में चार बार मुख्यमंत्री रह चुके इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के पौत्र व सांसद दुष्यंत चौटाला ने जींद के पांडु पिंडारा की रैली में नई पार्टी का ऐलान करने के साथ ही इनेलो, भाजपा व कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का जनता से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन सभी दलों ने जनता को ठगने का ही काम किया है। दुष्यंत की पार्टी का नाम जननायक जनता पार्टी होगा। पार्टी के झंडे पर देवीलाल की फोटो लगाई गई है और इसका रंग हरा व पीला रखा गया है। दुष्यंत ने कहा कि हरा रंग सुरक्षा, शांति, उन्नति व भाईचारे का प्रतीक है और पीला रंग ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक। दुष्यंत ने कहा कि इंडियन नेशनल लोकदल का गठन चौधरी देवी लाल ने नीतियों और सिद्धांतों को लेकर किया था, लेकिन अब पार्टी ने उनके सिद्धांतों को त्यागकर कार्यकर्ताओं को तंग करना शुरू कर दिया। उन्हें व उनके पिता को बिना कारण पार्टी से निकाल दिया गया। लेकिन, वह चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि नदियों को रोका नहीं जा सकता है। वह अपनी मेहनत से नई पार्टी को खड़ा करेंगे। यह पार्टी ताऊ देवीलाल के विचारों और लोगों की जनभावनाओं के अनुरूप चलेगी। करीब पौने घंटे के भाषण में दुष्यंत चौटाला ने अपने परिवार के ही लोगों को कटघरे में खड़ा किया तो वहीं दूसरी पार्टियों को भी जमकर घेरा। दुष्यंत चौटाला ने अपने भाषण के दौरान कहा कि यह पार्टी साल 2019 में एक नई दशा और दिशा के साथ आएगी और प्रदेश की दूसरी पार्टियों को उखाड़ फेंकने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जनता का सीधा जुड़ाव है और चौधरी देवीलाल की नीतियों पर नई पार्टी के जरिये काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जननायक जनता पार्टी चौधरी देवीलाल से जुड़ी हुई पार्टी है और इस पार्टी का झंडा और डंडा हमेशा बुजुर्ग किसान के साथ रहेगा। उन्होंने जनता को याद दिलाते हुए कहा कि ताऊ देवीलाल जी डंडा और झंडा बदलते रहे पर बुजुर्ग और किसान के साथ हमेशा रहे। जन सैलाब से अति उत्साहित हुए सांसद दुष्यंत चौटाला ने अपनी पार्टी का मिनी चुनावी घोषणा पत्र भी जारी कर दिया। उन्होंने भीड़ में लग रहे दुष्यंत-दुष्यंत के नारे के बीच कहा कि उनकी सरकार आने पर किसानों के सहकारी बैंकों के कर्जे माफ कर दिए जायेंगे। उन्होंने घोषणाओं से हर वर्ग को साधने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जन जन पार्टी की सरकार आने पर वृद्ध सम्मान पैंशन की आयु सीमा घटा कर पुरूषों की 58 साल और महिलाओं की आयु सीमा 55 साल कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हर गांव में मोबाइल डिस्पेंसरी बनाई जाएगी ताकि स्वास्थ्य सेवाएंं बेहतर मिल सके। चौटाला ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में भी सुधार लाने का दावा किया। हमारी सरकार बनने पर एचटेट परीक्षा प्रणाली को खत्म करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर कर्मचारियों की पुरानी पैंशन की मांग को भी पूरा किया जाएगा।
दुष्यंत चौटाला ने यहां पर कहा कि हमें संगठन चलाना है, पैसे की जरुरत नहीं है, कार्यकर्ताओं की जरुरत है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मुझे मोटे नोट और चेक नहीं चाहिए बल्कि एक वोट चाहिए। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज अजय सिंह चौटाला नहीं पहुंच पाए हैं। आज भी षडय़ंत्रकारी बाज नहीं आ रहे हैं और कानूनी अड़चन पैदा कर रहे हैं। पार्टी झंडे पर ओपी चौटाला की फोटो न होने पर दुष्यंत ने कहा कि वह हमारे घर के मुखिया हैं, लेकिन आज वह विरोधी दल में हैं। यह उनकी कानूनी मजबूरी है कि उनकी फोटो न दें। इसके साथ ही उन्होंने ओपी चौटाला जिंदाबाद के नारे भी लगवाए। मंच पर विधायक अनूप धानक, राजदीप फोगाट, नैना चौटाला, बबिता फोगाट, दिग्विजय चौटला, महावीर फोगाट, अमीर चावला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महिला विंग शीला भयान, आन्नद लाठर, प्रदीप गिल, हरीश अरोड़ा, दयानन्द कूण्डु भी मौजूद रहे। ऐसे शुरू हुआ था विवाद ,चौटाला परिवार में विवाद 7 अक्टूबर को गोहाना में हुई रैली से शुरू हुआ था। तब अभय चौटाला भाषण दे रहे थे तो कुछ समर्थक उनकी हूटिंग करने लगे। ये लोग नारे लगा रहे थे-अगला सीएम दुष्यंत चौटाला। इस पर ओमप्रकाश चौटाला ने फटकार लगाई थी। गोहाना रैली में विवाद के बाद दुष्यंत और दिग्विजय को इनेलो की अनुशासन समिति ने कारण बताओ नोटिस जारी किया, फिर उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। जेल से पैरोल पर आए अजय को भी पार्टी से निकाल दिया गया। इसके बाद अजय ने नई पार्टी बनाने का ऐलान किया था। ये है चौटाला परिवार
चौटाला परिवार में चौधरी देवीलाल के पुत्र ओमप्रकाश चौटाला के दो बेटे हैं। बड़े बेटे अजय चौटाला शिक्षक भर्ती घोटाले में 10 साल की सजा काट रहे हैं। वहीं, अभय चौटाला इस समय इनेलो के सर्वेसर्वा हैं। अजय के दो बेटे हैं। बड़े बेटे दुष्यंत चौटाला हिसार से सांसद हैं। वहीं, छोटे बेटे दिग्विजय चौटाला इंडियन नेशनल स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन (इनसो) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे। अजय की पत्नी नैना चौटाला डबवाली से विधायक हैं। अभय के भी दो बेटे हैं। बड़े बेटे कर्ण सिरसा जिला परिषद में डिप्टी चेयरमैन हैं, जबकि छोटे बेटे अर्जुन हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!