Saturday, July 27, 2024
Latest:
चंडीगढ़सिरसाहरियाणा

नगर निगम के चुनाव सभी दलों के लिए है परीक्षा, विधायक का चुनाव मेरी व्यक्तिगत इच्छा ;- तंवर

राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज़,
,,,,,,,,,,,,,,
नगर निगम के चुनाव सभी दलों के लिए है परीक्षा, विधायक का चुनाव मेरी व्यक्तिगत इच्छा ;- तंवर
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
सिरसा ;- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि 5 नगर निगम और दो नगरपालिकाओं के चुनाव सत्तापक्ष और विपक्ष दोनोंं के लिए परीक्षा की तरह हैं। इन चुनावों के परिणामों के जरिए जनता के मूड का पता चलेगा जिसका असर अगले साल होने वाले लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में निश्चित रूप से पड़ेगा। डॉ. तंवर आज सिरसा में पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि अधिकांश पदाधिकारी और कार्यकर्ता चाहते हैं कि कांग्रेस अपने सिंबल पर नगर निगम चुनावों में अपने उम्मीदवार उतारे। ऐसे में सभी से राय मशविरा करके व फीडबैक मिलने के बाद ही अन्तिम निर्णय कर लिया जाएगा। तंवर ने कहा कि उनकी व्यक्तिगत इच्छा है कि वे विधानसभा का चुनाव लड़ें लेकिन यदि लोकसभा चुनाव पहले हुए तो वे अपनी कर्मभूमि सिरसा लोकसभा से ही अपना चुनाव लडऩा चाहेंगे। हरियाणा की बीजेपी सरकार पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार किसान विरोधी है। आज तक किसानों को उनका मुआवजा नहीं मिला और न ही खराब हुई उपज की गिरदावरी ही की गई है। बुआई का सीजन होने के बावजूद किसानों पर मुकदमे दर्ज करके उन्हें परेशान किया जा रहा है। कई गांवों में रंजिशन सरपंचों को बर्खास्त किया जा रहा है। यूरिया की कमी के चलते हरियाणा के किसानों को पंजाब से महंगे दामों पर यूरिया खरीदनी पड़ रही है। प्रदेश में कानून व्यवस्था का दिवाला निकला हुआ है।गैंगरेप और मर्डर जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। कल रोहतक और आज अंबाला में हुई हत्याओं से पूरा प्रदेश सकते में है। प्रदेश की जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि या तो इनेलो के शासन में ऐसा जंगलराज था या अब बीजेपी के शासन में। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की हरियाणा में सक्रियता के संबंध में उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने अन्ना हजारे और लोकपाल के बहाने दिल्ली की सत्ता हथिया ली। अब वे लोकपाल और अन्ना दोनों को भूल गए। उन्होंने कहा कि गीता जयंती व सरस्वती महोत्सव जैसे आयोजन के माध्यम से भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. तंवर ने कहा कि भाजपा राम मंदिर के मुद्दे को लेकर राजनैतिक लाभ लेना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!