करनालचंडीगढ़जिंददेश-विदेशपंचकुलापंजाबपानीपतहरियाणा

*भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धनखड़ का दावा भाजपा सरकार ने 9 सालों में बदली प्रदेश की तस्वीर, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रही सरकार*

*राणा ओबराय*
*राष्ट्रीय खोज/भरतीय न्यूज,*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
*भाजपा प्रदेशाध्यक्ष धनखड़ का दावा भाजपा सरकार ने 9 सालों में बदली प्रदेश की तस्वीर, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रही सरकार*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
चंडीगढ़ ;- भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि भाजपा सरकार के स्वर्णिम 9 साल के कार्यकाल में प्रदेश का जन-जन खुशहाल हुआ है। भाजपा सरकार ने अंत्योदय के भाव से आम जन के कल्याण हेतु समान विकास, पारदर्शी शासन, भयमुक्त प्रदेश और योग्यता के आधार पर नौकरी देकर मिसाल कायम की है और प्रदेश की तस्वीर बदली है। भाजपा सरकार के 9 साल प्रदेशवासियों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कल्याणकारी योजनाओं को लागू कर प्रदेश के लोगों के विकास के रास्ते खोले। गुड गवर्नेंस ही सरकार का सपना है और इसी ताकत पर भाजपा 2024 में पूर्ण बहुमत की डबल इंजन सरकार फिर से बनाएगी।
प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। प्रेसवार्ता से पहले श्री धनखड़ ने प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री रहे व हरियाणा में भाजपा की नींव रखने वाले डॉ मंगल सेन जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए भावांजलि अर्पित की। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री पवन सैनी, वेदपाल एडवोकेट, भाजपा प्रदेश मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, वीरेंद्र गर्ग, प्रदेश सह मीडिया प्रमुख संजय आहुजा उपस्थित थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि इन 9 सालों में हमने अपने सपनों को पूरा होते हुए देखा है। धारा-370 को टूटते और अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बनते हुए हम देख रहे हैं, जिसका उद्घाटन 22 जनवरी 2024 में होगा। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना से काम करते हुए भाजपा सरकार ने गरीबों के घर उज्जवला योजना के तहत निशुल्क गैस दी। चिरायु व आयुष्मान योजना के तहत आधी आबादी का जीवन सुरक्षित किया। हर घर नल से जल पहुंचाकर सरकार ने महिलाओं को राहत दी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मेरे स्वयं के पंचायत मंत्री रहते ग्राम गौरव पट्ट लगाए गए थे, उसी तर्ज पर केंद्र की मोदी सरकार ने भी पूरे देश में शिलापट् लगवाने की घोषणा कर शहीदों का सम्मान बढ़ाया है।
श्री धनखड़ ने कहा कि इन 9 सालों में प्रदेश में आधारभूत ढांचा मजबूत हुआ है। 152-डी, द्वारका एक्सप्रेस-वे और केएमपी का काम पूरा किया और हर जिला को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा जिससे यातायात सुगम हुआ। किसान व किसानी के संबंध में बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्वामीनाथन की सिफारिशों को लागू किया। 50 प्रतिशत लाभ के साथ एमएसपी को बढ़ाया गया जिससे किसानों की आय में वृद्धि हुई।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भावांतर भरपाई योजना से किसानों की फसल के नुकसान की भरपाई हरियाणा सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के साथ खड़ी है। प्राकृतिक आपदा से फसलें नष्ट होने पर सरकार ने किसानों को 11,000 करोड़ रुपये मुआवजा दिया। भाजपा सरकार ने गौवंश के सरंक्षण के लिए कानून बनाया और गायों को सुरक्षित किया। श्री धनखड़ ने कहा कि 9 सालों में भारत दुनिया की फार्मेसी का हब बना है। हरियाणा में ऑटोमोबाइल उद्योगों का तेजी से विकास हुआ है। 6 हजार गांवों में 24 घंटे बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि इन 9 वर्षों में हर क्षेत्र में विकास हुआ है और कोई क्षेत्र अछूता नहीं रहा।
आगामी कार्यक्रमों पर बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की 9 साल की उपलब्धियों को लेकर हर जिलों में प्रेसवार्ताओं का आयोजन किया जाएगा। 29 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम के बाद 4 लाख घरों से संपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2 नवम्बर को करनाल में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह लाभार्थी सम्मेलन को संबोधित करेंगे। 31 अक्टूबर सरदार पटेल की जयंती पर दिल्ली में अखिल भारतीय कार्यक्रम होगा, जिसमें हरियाणा के हर मंडल से 50 लोग मेरी माटी, मेरा देश के तहत गांवों से एकत्रित की गई पवित्र मिट्टी को कलश में डालकर बसों द्वारा दिल्ली लेकर पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे।
भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धियों पर बोलते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि 9 साल की यात्रा में देश व प्रदेश को हमने बदलते हुए देखा है। भाजपा ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई तथा व्यवस्था परिवर्तन से सुशासन स्थापित किया और डी.बी.टी. के उपयोग से लाभार्थियों के खातों में सीधे रकम भेजी। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर की दक्षिणी ध्रूव पर सफल लैंडिंग व आदित्य एल-1 की सफलता ने हमने गौरवान्वित किया है। वहीं जी-20 की बैठक से देश की साख दुनिया में बढ़ी है। श्री धनखड़ ने कहा कि 9 वर्षों की यह यात्रा गजब की यात्रा है। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जमीन पर सरकार और प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं व नीतियों को घर-घर तक पहुंचाया है। मिशन 2024 पर श्री धनखड़ ने कहा कि भाजपा तीसरी बार अपने बलबूते पर सरकार बनाएगी। प्रदेश में हो रहे पन्ना प्रमुख सम्मेलन की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 75 विधानसभाओं में सम्मेलन संपन्न हो चुके हैं, जल्द ही बाकी विधानसभाओं में भी पन्ना प्रमुख सम्मेलन पूरे कर लिए जाएंगे। हमारे पास साढ़े तीन लाख कार्यकर्ता पोर्टल पर रजिस्टर्ड हो चुके हैं। संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की मेहनत की बदौलत भाजपा 2024 के चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पराली जलाने के बयान पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि हरियाणा में पराली जलाने की घटनाएं बहुत ही कम हैं, बल्कि हरियाणा के झाड़ली व पानीपत प्लांट में पराली का सदुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजागरण से पराली जलाने की घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। वहीं पंजाब में जलाई जाने वाली पराली पर पूछे गए सवाल पर श्री धनखड़ ने केजरीवाल की तरफ इशारा करते हुए कहा कि तथ्य और सत्य के साथ चर्चा होनी चाहिए। कुछ लोग सोचते हैं कि बयानों से समाधान हो सकता है। उन्होंने कहा कि असत्य की आयु लंबी नहीं होती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!