Monday, July 1, 2024
Latest:
अपराधअम्बालाकरनालकुरुक्षेत्रकैथलगुड़गाँवचंडीगढ़जिंददेश-विदेशपंचकुलापंजाबपानीपतरेवाड़ीरोहतकसिरसासोनीपतहरियाणाहिमाचल प्रदेशहिसार

*हिसार में भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, सीएम मनोहर तथा अध्यक्ष धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को दिए चुनाव जीतने के टिप्स, मिशन 2024 जीतने के लिए तैयार किया गया रोडमैप*

*राणा ओबराय*
*राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
*हिसार में भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल, सीएम मनोहर तथा अध्यक्ष धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को दिए चुनाव जीतने के टिप्स, मिशन 2024 जीतने के लिए तैयार किया गया रोडमैप*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
चंडीगढ़, 22 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बिगुल फूंक दिया है। हिसार के जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक बैठक में आगामी कार्यक्रमों का खाका खींचा गया। प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ की अध्यक्षता में हुई जिला अध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों की इस बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सरकार की नीतियों और उपलब्धियां बताई तथा लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले युवाओं को हजारों नौकरियां देने का ऐलान किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने बैठक में मिशन 2024 के निमित्त तैयार रोड मैप पर उपस्थित पदाधिकारियों से विस्तृत चर्चा की और जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी नई ऊर्जा के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में जाएं और भाजपा की रीति-नीति को जोरदार ढंग से लोगों को बताएं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि हरियाणा सरकार ने केन्द्र सरकार की नीतियों का अनुसरण करते हुए गरीब कल्याण पर विशेष ध्यान दिया है। इसी को केन्द्र बिंदू मानकर सरकार ने नीतियां बनाई है और हमारे जनहित के ये कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वाभिमान, स्वावलंबन और सुशासन राज्य सरकार के लिए प्राथमिकता के क्षेत्र है, जिन पर लगातार कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश में भाजपा के सत्ता संभालने के बाद विकास को नई दिशा मिली है। खास बात यह है कि हिंदुओं को साम्प्रदायिक कहने वाले लोग सही रास्ते पर आ गए हैं और देश के सभी वर्गों का सम्मान हो रहा है। भाजपा सरकार ने दिखा दिया है कि अपने अधिकार किसी को छीनने नहीं देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लोकसभा चुनाव को लगभग एक साल और विधानसभा चुनाव को लगभग डेढ़ साल का समय बचा है। ऐसे में जब समय कम बचा है तो हमें अपने काम की गति बढ़ानी पड़ेगी लेकिन इसमें नियमों की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि सरकार जल्द ही लगभग 50 हजार नौेकरियां देगी जिससे युवा वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि केन्द्र व हरियाणा में दोनों जगह भाजपा सरकार है और डबल इंजन की सरकार होने का फायदा ये है कि विकास को गति मिलती है। हरियाणा सरकार ने 12.50 लाख गरीब लोगों के राशनकार्ड बनवाए हैं, अमृत सरोवर योजना के तहत 1650 तालाब खुदवाए या सही किए लेकिन इसके साथ ही जनता को भी अपनी जिम्मेवारी निभानी पड़ेगी। इसी तरह 750 व्यायाम पार्क बनाने व एक हजार ई-लाइब्रेरी बनाने का इस वर्ष का हमारा लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणावासियों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए निरोगी हरियाणा योजना बनाई गई है। इस योजना के तहत प्रथम चरण में एक करोड़ 21 लाख लोगों के निशुल्क टेस्ट किए जाएंगे, ताकि बीमारियों को शुरुआती स्टेज पर ही डिटेक्ट कर उनका उपचार किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने शिक्षा के स्तर में सुधार किया है। मॉडल संस्कृति स्कूल शुरू किए गए हैं, प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा तक बेहतरीन संस्थान खोले गए हैं। प्रदेश सरकार द्वारा चार हज़ार प्ले वे स्कूल खोले जाएंगे ताकि बच्चों को बुनियादी स्तर से ही अच्छी शिक्षा मिले। चिराग योजना के तहत वंचित परिवारों के बच्चों को भी निजी शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ने के अवसर मिले है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में युवाओं को रोजगार तथा संस्कार देने के साथ-साथ राष्ट्र का अच्छा नागरिक बनाने पर जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बैठक में उपस्थित जिला अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे संगठन को सशक्त बनाने में अपनी प्रमुख भूमिका निभाएं। उन्होंने भाजपा को पन्ना तक मजबूत बताते हुए कहा कि दूसरी पार्टियों का तो प्रदेश स्तर का भी संगठन नहीं बना है, जिला व मंडल तो उनके लिए दूर की बात है।

…बॉक्स

*राज्य की हर विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकालेगी भाजपा: ओम प्रकाश धनखड़*

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने पत्रकार वार्ता में बताया कि भाजपा 7 से 15 अगस्त तक प्रदेश के सभी 90 विधानसभाओं में तिरंगा यात्रा निकालेगी। 14 अगस्त को जिला स्तर पर विभाजन विभीषिका दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा ऐसी पार्टी बन गई है जो बूथ स्तर पर मजबूत है। प्रदेश में 19 हजार 863 बूथ हैं और 3 लाख 46 हजार 700 पन्ना प्रमुख हैं। उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सरल पोर्टल पर चढ़ाया हुआ डाटा अपडेट करें व कहीं सुधार की गुंजाइश है तो सुधार करें। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है और पार्टी ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि हमारे बहुत ही गौरव का विषय है, कि अब तक हम 34 पन्ना प्रमुख सम्मेलन कर चुके है, जिसमें 2 लाख, 3 हजार 576 पन्ना प्रमुख पंजीकृत भी हो चुके हैं, हमारा कारवां लगातार आगे बढ़ रहा है, आगामी दिनों में हम अपने इस महाअभियान को और गति देंगे, और विशेष अभियान चलाकर संगठन और पार्टी को और मजबूत करेंगे। उन्होंने बताया कि आज की बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें और अपने-अपने क्षेत्र के कम से कम 100 मौजिज व्यक्तियों से संपर्क करके समर्थन मांगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 30 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम होना है। इसके बाद मंडल अध्यक्ष चिरायु योजना के कम से कम 10 लाभार्थियों से संपर्क करके उनसे फीडबैक लेंगे। इसके अलावा हर वर्ग के लोगों से मिलकर केन्द्र सरकार की योजनाओं व कार्यक्रमों से जनता को अवगत करवाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोगों को कार्यक्रमों व नीतियों की जानकारी मिल सके।
प्रदेश में आई बाढ़ पर बोलते हुए श्री धनखड़ ने कहा कि सरकार सदैव किसानों व आम जनता की हितैषी रही है। सरकार नुकसान का आंकलन कर रही है और जिसका जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाएगी। बैठक में संगठन महामंत्री रविन्द्र राजू, राई विधायक एवं प्रदेश महामंत्री मोहनलाल बड़ोली, प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल, डॉ. पवन सैनी, सभी जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, प्रदेश मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा, जिला अध्यक्ष कैप्टन भूपेन्द्र वीरचक्र, प्रदेश प्रवक्ता विधु रावल, वंदना पोपली, जिला मीडिया प्रमुख राजेन्द्र सपड़ा सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!