करनालचंडीगढ़जिंददेश-विदेशपंचकुलापंजाबपानीपतराज्यहरियाणा

हरियाणा निकाय चुनाव में हुई 70.4% पोलिंग, महम-हांसी समेत कई जगह फर्जी वोटिंग, समालखा में आप कैंडिडेट भरत सिंह छोकर ने बीच में छोड़ा मैदान*

राणा ओबराय
राष्ट्रीय ख़ोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
हरियाणा निकाय चुनाव में हुई 70.4% पोलिंग, महम-हांसी समेत कई जगह फर्जी वोटिंग, समालखा में आप कैंडिडेट भरत सिंह छोकर ने बीच में छोड़ा मैदान*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
चंडीगढ ;- हरियाणा की 18 नगर परिषदों और 28 नगर पालिकाओं में मतदान रविवार को संपन्न हो गया। शाम 7 बजे तक कुल 70.4 % मतदान हुआ। राज्य के इन 46 निकायों में कुल 18 लाख 39 हजार 455 वोटरों में से 12 लाख 95 हजार से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के फाइनल आंकड़ों में वृद्धि हो सकती है।

रेवाड़ी में सबसे अधिक 84.6% वोटिंग दर्ज की गई। सबसे कम 61.7% पोलिंग झज्जर में हुई। यहां 1 लाख 68 हजार 894 में से सिर्फ 1 लाख 4 हजार 187 वोटरों ने ही मतदान किया। मतदान के दिन कैथल से अंबाला के नारायणगढ़ में इलेक्शन ड्यूटी पर जा रही महिला ASI की मौत हो गई। फतेहाबाद में 2 निर्दलीय उम्मीदवारों में झड़प हुई।

 

महम में फर्जी वोट डालते पकड़ा

रोहतक के महम में नगर पालिका चुनाव में वार्ड नंबर 1 के बूथ नंबर 2 में फर्जी वोट डालते एक युवक को पकड़ा। महम सिटी पुलिस चौकी के इंचार्ज नफे सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान वार्ड-13 निवासी शुभम के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ कर कार्रवाई शुरू कर दी।

पानीपत के समालखा नगर पालिका पर भी चुनाव में अति संवेदनशील बूथ पर हथियारों के साथ दो युवक पकड़े गए। पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए समालखा चौकी ले गई। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि युवकों के पास लाइसेंसी हथियार था, लेकिन उनके पास मौके पर लाइसेंस मौजूद नहीं था। इसलिए उनके परिजनों को थाने बुलाया गया।

प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के बीच भी वोटरों का जोश बरकरार रहा। सोनीपत के गन्नौर, फतेहाबाद, हिसार के हांसी और रेवाड़ी के बावल में फर्जी वोट डालने को लेकर हंगामा हुआ। गन्नौर और पलवल में झगड़े में महिला समेत 10 लोग घायल हो गए।

पलवल में पथराव के दौरान 6 घायल

पलवल में चुनाव के दौरान कुस्लीपुर गांव में दो पक्षों में पति के अपनी पत्नी को मशीन पर चुनाव चिह्न बताने पर विवाद हुआ। देखते ही देखते बूथ के बाहर दोनों पक्षों में पथराव हो गया। पथराव की सूचना पर एसपी मुकेश कुमार मल्होत्रा और चुनाव ऑब्जर्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। झगड़े में ईट पत्थर लगने से 6 लोगों को चोटें आई हैं, उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हालांकि झगड़े के दौरान वोटिंग चालू रही।

समालखा में चुनाव के मद्देनजर पहुंचे करनाल रेंज IG सत्येंद्र कुमार की गाड़ी।
समालखा में चुनाव के मद्देनजर पहुंचे करनाल रेंज IG सत्येंद्र कुमार की गाड़ी।
गन्नौर में वोटिंग को लेकर झगड़ा

गन्नौर के वार्ड-1 में वोटिंग को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया है। इसमें महिला समेत 3 को चोटें आई हैं। घायलों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। झगड़ा जयपाल कश्यप और सचिन कोच पक्ष में हुआ है। जयपाल पक्ष से महिला समेत 3 व्यक्तियों को चोटें आईं। दूसरे पक्ष का भी एक व्यक्ति घायल है। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों में तनाव है।

समालखा में AAP कैंडिडेट का निर्दलीय को समर्थन

वहीं, पानीपत के समालखा में आम आदमी पार्टी के चेयरमैन पद के उम्मीदवार भरत सिंह छोक्कर ने आजाद उम्मीदवार संजय बेनीवाल को समर्थन देने का ऐलान किया है। छोक्कर ने पार्टी पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि मतदान केंद्रों के बाहर कोई AAP कार्यकर्ता नहीं दिखा। वह अकेले ही सुबह से दोपहर तक व्यवस्था संभाल रहे थे। आहत होकर ही उन्होंने समर्थन देने का ऐलान किया। …

हांसी में पोलिंग बूथ पर फर्जी वोट डालने पर हंगामा

हरियाणा के हिसार जिला में हांसी में करीब सवा 12 बजे आर्य स्कूल में मतदान केंद्र के बाहर फर्जी वोटों को लेकर हंगामा हो गया। पार्षद उम्मीदवार नीरू सिंगला और दूसरे उम्मीदवारों ने आरोप लगाया कि बेबी सिंगला के पक्ष में मतदान करने के लिए कुछ वोटर आए। ये वोटर फर्जी थे, क्योंकि पिछले कई सालों से ये बाहर रह रहे हैं। इस पर हंगामा हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग अलग किया। पुलिस ने लाउड स्पीकर से चेतावनी देकर 100 मीटर की दूरी पर लोगों को खड़े होने के लिए कहा।

डीएसपी विनोद शंकर भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने लोगों को मतदान केंद्र से बाहर किया। वहीं रेवाड़ी के बावल में भी फर्जी वोटिंग को लेकर विवाद हुआ। यहां गवर्नमेंट बॉयज स्कूल पोलिंग बूथ नंबर-12 पर एक नाबालिग युवती को किसी दूसरे के आधार कार्ड पर वोट डालने से पहले पकड़ लिया।युवती को पुलिस कार्रवाई के लिए साथ ले गई है।

सोनीपत : लोगों के पहुंचने से पहले डल गए वोट

उधर, सोनीपत के गन्नौर में गांधी नगर के बूथ नंबर 31 पर कुछ लोगों की वोट उनके पहुंचने से पहले ही डाल दिए गए। इसको लेकर हंगामा हुआ। पुलिस मौके पर पहुंची है। इसी प्रकार गन्नौर के शिवालिक स्कूल में बने बूथ के बाहर भी झगड़ा होने की जानकारी मिली है।

वहीं, फतेहाबाद शहर के वार्ड नंबर 12 के बूथ पर हंगामा, फर्जी वोट डालने के शक में एक युवक को किया काबू। फर्जी वोट डालने आये युवक के साथ हाथापाई हुई और चारों उम्मीदवार मौके पर मौजूद थे। युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

फतेहाबाद के वार्ड-18 में हंगामा

फतेहाबाद के वार्ड-18 में हंगामा हो गयाप्। इस वार्ड से पार्षद का चुनाव लड़ रही अनीता रानी के पति ललित गोयल ने प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी स्नेह लता के पति अनिल गर्ग पर मारपीट करने और कपड़े फाड़ने के आरोप लगाए। ललित गोयल ने कहा कि अनिल गर्ग ने अवैध तरीके से बूथ में घुसकर उनसे मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। ललित गोयल के अनुसार, अनिल गर्ग वार्ड-18 के बूथ पर एजेंट नहीं है और वह वार्ड-24 से चुनाव लड़ रहा है।

अंबाला के पंजोखरा मार्ग पर हादसा ग्रस्त महिला एएसआई की गाड़ी।
अंबाला के पंजोखरा मार्ग पर हादसा ग्रस्त महिला एएसआई की गाड़ी।
समालखा में BJP कैंडिडेट ने तोड़े नियम

हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा कस्बे के नगर निकाय चुनाव के दौरान चेयरमैन पद पर भाजपा प्रत्याशी अशोक कुच्छल ही चुनाव आयोग के नियमों के धज्जियां उड़ाते दिखे। चुनाव आयोग का नियम है कि मतदान के दिन पोलिंग बूथ के नजदीक कोई भी एजेंट, कार्यकर्ता एवं प्रत्याशी चुनाव चिन्ह का प्रचार नहीं कर सकता है। प्रत्याशियों की कनोपी भी बूथ से काफी दूर लगाई जाएगी। मगर भाजपा प्रत्याशी अशोक कुच्छल चुनाव चिन्ह कमल का फूल का बिल्ला अपने कुर्ते की जेब पर और भारतीय जनता पार्टी का पट्टा गले में डाल कर हर पोलिंग बूथ पर घूम रहे हैं।

फतेहाबाद में बूथ पर भिड़े निर्दलीय उम्मीदवार

फतेहाबाद में 9:45 पर 14.9 प्रतिशत वोटिंग हुई है। वहीं वार्ड नम्बर 11 के बूथ पर बीडीपीओ ब्लॉक में हंगामा हो गया। बूथ पर निर्दलीय उम्मीदवार आपस में भीड़ गए। दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बूथ में दखलंदाजी के आरोप लगाए। मौके पर मौजूद पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत करवाया और उम्मीदवार को छोड़ सभी लोगों को बाहर निकाला।

नारायणगढ़ में व्हील चेयर पर मतदान करने पहुंचे 68 वर्षीय नानक सिंह
नारायणगढ़ में व्हील चेयर पर मतदान करने पहुंचे 68 वर्षीय नानक सिंह
हिसार जिला के बरवाला और हांसी में सुबह सवा नौ बजे तक 13.70 प्रतिशत वोटिंग पोल हुई। करीब 8667 मतदाताओं ने वोटिंग की। वहीं, सुबह सवा नौ बजे तक 15.8 प्रतिशत वोटिंग हुई। 4877 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।

फतेहाबाद के बूथ नंबर 1 पर EVM मशीन खराब हो गई है। करीब एक घंटे से मशीन खराब है। मतदान करने आए लोगों की लगी लंबी लाइनें लगीं। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का कहना कि ईवीएम मशीन बदलवाई जा रही है।

फतेहाबाद में बूथ पर वोट ड़ालने के लिए लाइन में खड़ी महिलाएं।
फतेहाबाद में बूथ पर वोट ड़ालने के लिए लाइन में खड़ी महिलाएं।
हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने बताया कि 18 नगर परिषदों के कुल 456 वार्ड हैं। अध्यक्ष पद के लिए कुल 185 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें से 100 पुरुष और 85 महिलाएं हैं। वहीं 456 वार्डों में से 15 पार्षदों को सर्वसम्मति से चुन लिया गया है, जबकि बचे 441 वार्डों में 1797 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से 1076 पुरुष हैं और 721 महिलाएं हैं।

रोहतक में एनसीसी कैडेट्स बुजुर्ग महिला को मतदान के लिए लेकर जाते हुए।
रोहतक में एनसीसी कैडेट्स बुजुर्ग महिला को मतदान के लिए लेकर जाते हुए।
धनपत सिंह ने बताया कि 18 नगर परिषदों में कुल 12 लाख 60 हजार मतदाता हैं, इनमें 6 लाख 63 हजार 870 पुरुष जबकि 5 लाख 96 हजार 95 महिला और 35 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि नगर परिषद चुनाव के लिए कुल 1290 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, इनमें 289 संवेदनशील और 235 अतिसंवेदनशील पोलिंग बूथ हैं। इन पोलिंग बूथ पर 6450 मतदान कर्मचारी, 82 ड्यूटी मजिस्ट्रेट और 7087 पुलिस से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं।

28 नगर पालिकाओं में 5 लाख 70 हजार मतदाता

धनपत सिंह ने बताया कि 28 नगर पालिकाओं के कुल 432 वार्ड हैं। अध्यक्ष पद के लिए कुल 221 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, इनमें से 128 पुरुष व 93 महिलाएं हैं। वहीं 432 पार्षदों में से 33 को सर्वसम्मति से चुन लिया गया है। बचे 399 वार्डों में 1301 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, इनमें 783 पुरुष व 518 महिलाएं शामिल हैं। धनपत सिंह ने बताया कि कुल 5 लाख 70 हजार 208 मतदाता हैं, इनमें 3 लाख 1 हजार 677 पुरुष, 2 लाख 68 हजार 517 महिलाएं व 14 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। नगरपालिका के लिए कुल 671 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, इनमें से 144 संवेदनशील और 92 अतिसंवेदनशील हैं। इन पोलिंग बूथ पर 3355 मतदान कर्मचारी, 69 ड्यूटी मजिस्ट्रेट और 5206 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को तैनात किया गया है।

दोनों चुनाव के लिए 4712 ईवीएम

नगर परिषद व नगरपालिका चुनाव के लिए कुल 4712 ईवीएम वितरित की गई हैं। पुलिस को चुनाव क्षेत्रों में अतिरिक्त गश्त व नाके लगाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पोलिंग बूथ पर पीने के पानी व शौचालय की पूरी व्यवस्था की गई है। इस संबंध में पहले से ही जिला उपायुक्तों को निर्देश दे दिए गए हैं। दिव्यांगजनों के लिए व्हील चेयर हर मतदान केंद्र पर रखी जाएगी। कोरोना गाइडलाइन के चलते प्रत्येक मतदान केंद्र पर मास्क व सैनेटाइजर की व्यवस्था भी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!