हिमाचल सरकार में प्रशासनिक फेरबदल, सात एचएएस और दो एचपीएसएस अधिकारियों के तबादले*
राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
हिमाचल सरकार में प्रशासनिक फेरबदल, सात एचएएस और दो एचपीएसएस अधिकारियों के तबादले*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बुधवार को सात हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचएएस) और दो हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवा (एचपीएसएस) अधिकारियों के तबादले एवं नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल के तहत विभिन्न विभागों में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेशों के अनुसार मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव सचिन कनवाल से राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एसआरएलएम) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। वहीं सुरेंद्र मोहन को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। वे अतिरिक्त निदेशक ग्रामीण विकास का दायित्व भी पूर्ववत संभालेंगे।
डॉ. स्वाति गुप्ता को प्रशासनिक सुधार विभाग में संयुक्त सचिव के साथ प्रशिक्षण एवं विदेशी नियुक्ति तथा सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।इसके अलावा प्रोमिला शर्मा को सामान्य प्रशासन विभाग, सुख राम को नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग तथा डिजिटल टेक्नोलॉजी एवं गवर्नेंस विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके चलते रंजना शर्मा को इस अतिरिक्त जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। पदोन्नति के बाद मोनिका सूद को शिक्षा विभाग और प्रवीण कुमार को ग्रामीण विकास विभाग में अवर सचिव नियुक्त किया गया है। सचिवालय सेवा के अधिकारी जय प्रकाश को गृह विभाग में अवर सचिव बनाया गया है, जबकि कपिल मोहन को कृषि विभाग के अवर सचिव का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। सरकार की ओर से जारी इन आदेशों को प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय और दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के तबादलों की सूची भी जारी हो सकती है।

