Saturday, May 23, 2026
Latest:
करनालखेलचंडीगढ़जिंददेश-विदेशपंचकुलापंजाबपानीपतराज्यहरियाणा

सांसद सुरजेवाला ने कहा भाजपा के राज में पेट्रोल पहली बार 100 रुपये पार/ पेट्रोल, डीजल, CNG व रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी वापस लें सरकार!

राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
सांसद सुरजेवाला ने कहा भाजपा के राज में पेट्रोल पहली बार 100 रुपये पार/ पेट्रोल, डीजल, CNG व रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी वापस लें सरकार!
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
चंडीगढ़;- सांसद व भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के महासचिव, श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने आज मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि एक तरफ पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर और पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी वसूल कर भाजपा सरकार द्वारा जनता की जेब से 12 साल में ₹43 लाख करोड़ वसूले गए हैं, तो दूसरी तरफ चिंता की बात यह है कि भाजपा सरकार ने रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया के इमरजेंसी फंड तक को नहीं छोड़ा, जो गंभीर मुश्किल समय व आपदा के लिए है। आज ही रिज़र्व बैंक ऑफ इंडिया से ₹2.87 लाख करोड़ भारत सरकार ने ले लिए हैं। पिछले 12 साल में भाजपा सरकार ने आरबीआई के इमरजेंसी फंड से कुल ₹14 लाख करोड़ लिए हैं। यह पैसा भी जनता की सुरक्षा के लिए ही है। इसकी परवाह किए बगैर भाजपा सरकार ने 12 साल में कुल ₹ 57 लाख करोड़ (₹43 लाख करोड़+₹14 लाख करोड़) की वसूली की है।

भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र व हरियाणा की जन-विरोधी भाजपा सरकारें जनता की जेब काटना और घरों का बजट लूटना बंद करें तथा भाजपा-निर्मित महँगाई पर फौरन रोक लगाएं। भाजपा सरकारों ने महंगाई डायन को गले लगा, हरियाणा व देश की जनता को महंगाई से डसवा दिया है।

आइए भाजपा-निर्मित महंगाई की लूट व जनता की जेब काटने की खुली छूट की क्रोनोलॉजी देखें :

1. पेट्रोल एवं डीजल के दामों में की गई हालिया भारी बढ़ोत्तरी :

भाजपा सरकार ने मात्र 12 दिनों में आम जनता पर तीन बार हमला बोला है।

• 15 मई 2026 को ₹3 प्रति लीटर पेट्रोल व डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी।

• 19 मई 2026 को अतिरिक्त 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी।

• 23 मई 2026 को अतिरिक्त 91 पैसे की बढ़ोत्तरी।

• कुल ₹4.81 प्रति लीटर की वृद्धि।

पेट्रोल ₹100.37 प्रति लीटर और डीजल ₹92.91 प्रति लीटर पहुंच गया है।

2. 12 वर्षों से पेट्रोल-डीजल पर खुली लूट :

मोदी सरकार ने 2014 से 2025 तक पेट्रोल-डीजल से 43 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा बटोरा है — यानी हर रोज औसतन 1,000 करोड़ रुपये की लूट।

पेट्रोल पर औसतन ₹19.70 प्रति लीटर और डीजल पर ₹15.50 प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी लगाई गई। एक्साइज ड्यूटी को 21 बार बदला गया, जिसमें 12 बार बढ़ाया गया।

पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ते ही भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के शेयरों में तेजी आई। मात्र कुछ घंटों में इन कंपनियों ने बाजार से 12,400 करोड़ रुपये कमा लिए।

3. 2014 बनाम 2026 की सच्चाई :

• 26 मई 2014 को पेट्रोल ₹71.41/लीटर था — आज ₹100.37//लीटर।

• 26 मई 2014 को डीजल ₹56.71/लीटर था — आज ₹92.91/लीटर।

2014 में कच्चा तेल 100-108 डॉलर/बैरल था, जबकि मोदी सरकार में औसतन 70 डॉलर/बैरल रहा। 70 डॉलर/बैरल के हिसाब से पेट्रोल ₹61.60 और डीजल ₹56.99 प्रति लीटर होना चाहिए था।

4. चुनाव के बाद महंगाई का बार-बार दोहराया गया फॉर्मूला :

जब भी चुनाव खत्म होते हैं, भाजपा सरकार पेट्रोल-डीजल-CNG-LPG के दाम बढ़ा देती है। यह 2014, 2015, 2019, 2022 और अब 2026 में दोहराया गया है।

5. 12 साल से हरियाणा-भाजपा सरकार द्वारा जनता की जेब पर डाका

भाजपा की केंद्र सरकार के अलावा, हरियाणा की सरकार भी लगातार पेट्रोल और डीज़ल पर टैक्स लगा हरियाणा की जनता की जेब काट रही है।

भाजपा की हरियाणा सरकार ने हरियाणा में पेट्रोल पर 18.20% VAT यानी वैल्यू एडेड टैक्स लगा रखा है – इसका मतलब है कि हर लीटर पेट्रोल पर हरियाणा की भाजपा सरकार लगभग ₹18 वसूलती है।

इसी प्रकार हरियाणा की भाजपा सरकार ने डीजल पर 16% VAT यानी वैल्यू एडेड टैक्स लगा रखा है – इसका मतलब है कि हर लीटर डीजल पर हरियाणा की भाजपा सरकार लगभग ₹14.50 वसूलती है।

6. CNG के दाम में दो बार बढ़ोत्तरी कर आम जनता से लूट :

· 15 मई 2026 को CNG की कीमत में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोत्तरी की गई।

· 17 मई 2026 को ₹1 की और बढ़ोत्तरी कर दी गई।

· 23 मई 2026 को, यानी आज ₹1 की बढ़ोत्तरी और कर दी गई।

आज गुड़गांव, हरियाणा में सीएनजी की कीमत बढ़कर ₹86.12 प्रति किलो हो गई है। ग्रेटर नोएडा और गाज़ियाबाद में यह कीमत बढ़कर ₹89.70 हो गई है।

इससे CNG अब और महंगा हो गया है। इससे ऑटो-टैक्सी चालक, मध्यम वर्गीय परिवार, आम नागरिकों तथा छोटे व्यापारियों की रोजाना की यात्रा और आजीविका बेहद प्रभावित हुई है। CNG की कीमतें अब बढ़कर ₹91.50 प्रति किलो तक हो गई हैं।

7. 19 किलो कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में अंधाधुंध बढ़ोत्तरी :

1 मई से 19 मई 2026 के बीच 19 किलो कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में एक झटके में ₹993 की बढ़ोत्तरी कर दी गई।

• पुरानी कीमत : ₹2078.50

• नई कीमत : ₹3071.50 (लगभग 50% महंगा)।

छोटे-छोटे दुकानदार, खोमचे वाले, रेहड़ी वाले, ढाबे वाले, रेस्टोरेंट वाले, हलवाई और ऐसे लाखों रोटी कमाने वाले मेहनतकश क्या करें?

8. 5 किलो छोटू सिलेंडर के दाम में बढ़ोत्तरी :

5 किलो छोटू सिलेंडर की कीमतों में ₹261 की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। अब वो हमारी बहनें, जो ये इस्तेमाल करती हैं, वो क्या करें? छोटे-छोटे व्यवसायी भी क्या करें?

रसोई गैस सिलेंडर की कीमतें दो बार बढ़ाकर अब ₹915 प्रति सिलेंडर कर दी गई है। गुड़गाँव में यह कीमत ₹921 और सिरसा में ₹953 प्रति सिलेंडर तक है।

पर इतनी कीमत बढ़ाने के बावजूद भी गैस उपलब्ध नहीं। गैस सिलेंडर लेने जाओ, तो कई-कई किलोमीटर की लाइनें लगी हैं और ब्लैक में गैस सिलेंडर ₹2,000/₹2,500 से कम नहीं मिलता।

9. ट्रांसपोर्ट और अन्य क्षेत्रों पर व्यापक असर :

ईंधन की लगातार महंगाई से ट्रांसपोर्ट किराया बढ़ा है, जिससे सीमेंट, बजरी, निर्माण सामग्री, पानी की टंकी आदि की कीमतें आसमान छू रही हैं। आम परिवार का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

सच्चाई यही है कि भाजपा सरकार जनता को बेवकूफ समझती है। कच्चा तेल सस्ता हो तो मुनाफा अपनी जेब में, महंगा हो तो बोझ जनता पर। यह ‘साइकिल ऑफ लूट’ लगातार जारी है।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और देश की जनता मांग करती है कि:

1. पेट्रोल-डीजल की ₹4.81 प्रति लीटर की हालिया बढ़ोत्तरी तत्काल वापस ली जाए। हरियाणा की भाजपा सरकार भी अपना टैक्स कम से कम आधा घटाए।

2. CNG की तीनों बढ़ोत्तरी (पहली, दूसरी और तीसरी तीनों) तुरंत वापस ली जाएं।

3. 19 किलो कमर्शियल LPG की ₹993 की बढ़ोत्तरी तुरंत वापस ली जाए।

4. 5 किलो FTL सिलेंडर की ₹261 की बढ़ोत्तरी तुरंत वापस ली जाए।

5. पेट्रोल, डीजल, CNG और LPG पर लगाई गई अत्यधिक एक्साइज ड्यूटी को घटाया जाए।

6. ईंधन की कीमतों में स्थिरता लाने के लिए ठोस नीति बनाई जाए तथा कच्चे तेल के दाम घटने पर तुरंत राहत दी जाए।

7. महंगाई से त्रस्त किसानों, मजदूरों, छोटे दुकानदारों, ऑटो-चालकों, मध्यम वर्ग और आम जनता को वास्तविक राहत पहुंचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!