Monday, August 3, 2026
करनालखेलचंडीगढ़जिंददेश-विदेशपंचकुलापंजाबपानीपतराज्यहरियाणा

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने चन्नी समर्थक को मंच पर बुला कर पूर्व सीएम चन्नी को लगवाया फोन/ कहा-दबाकर लगाओ नारे*

राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने चन्नी समर्थक को मंच पर बुला कर पूर्व सीएम चन्नी को लगवाया फोन/ कहा-दबाकर लगाओ नारे*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
भटिंडा ;- पंजाब कांग्रेस में रार थम नहीं रही है। गोनियाना के एक रिजॉर्ट में मालवा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी के समर्थकों ने ‘चन्नी जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। बैठक में पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल भी मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार बैठक का मुख्य उद्देश्य पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करना था। लेकिन इसी दौरान चन्नी समर्थकों ने अपने नेता के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। इससे कुछ समय के लिए बैठक का माहौल राजनीतिक नारेबाजी में बदल गया।
इसके बाद माैके पर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने स्थिति को संभालने की कोशिश करते हुए चन्नी समर्थक एक कार्यकर्ता को मंच पर बुलाया और उसे नारे लगाने के लिए कहा। बताया जाता है कि वड़िंग ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी पूर्व मुख्यमंत्री हैं, इसलिए उन्हें फोन लगाकर बात करवाई जाए। इस दौरान जब चन्नी को फोन किया गया तो उनके द्वारा फोन नहीं उठाए जाने की बात सामने आई। इस पर राजा वड़िंग ने कथित तौर पर चन्नी समर्थक से कहा कि वह अपना नंबर चन्नी को दे दे। हो सकता है कि वह किसी काम में व्यस्त हों और बाद में उससे बात कर लें। इसके बाद मामला और दिलचस्प हो गया। राजा वड़िंग ने चन्नी समर्थक को माइक देते हुए कहा कि ‘दबाकर नारे लगाओ, कोई कसर न रह जाए।’ इसके बाद मौके पर मौजूद चन्नी समर्थकों ने ‘चन्नी जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
*एकजुटता की बैठक में ही उठे अलग-अलग सुर*
ऊपर से देखने पर यह घटना भले ही मजाकिया माहौल का हिस्सा लग सकती है, लेकिन कांग्रेस के अंदरूनी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर पार्टी हाईकमान और पंजाब कांग्रेस की ओर से कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर बैठक में ही एक अलग नेता के समर्थन में नारेबाजी ने पार्टी के भीतर मौजूद गुटबाजी को फिर चर्चा में ला दिया। कांग्रेस द्वारा ‘हर बूथ कांग्रेस मजबूत’ का नारा देकर कार्यकर्ताओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में बैठक के दौरान किसी एक नेता के समर्थन में बार-बार नारेबाजी होना पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से असहज स्थिति पैदा करता है। इस घटना ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि यदि पार्टी के भीतर ही अलग-अलग नेताओं के समर्थक अपने-अपने गुटों के नारे लगाते रहे तो कांग्रेस बूथ स्तर पर कितनी मजबूत हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!