करोड़पति है हरियाणा के IAS / जानिए कौन से अधिकारियों के पास सबसे ज्यादा प्रॉपर्टी*
राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
करोड़पति है हरियाणा के IAS / जानिए कौन से अधिकारियों के पास सबसे ज्यादा प्रॉपर्टी*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
चंडीगढ़ ;- हरियाणा कैडर के आईएएस ने साल 2025 की अपनी अचल संपत्तियों का ब्योरा केंद्र सरकार को सौंप दिया है। हर साल की तरह इस बार भी अधिकारियों ने एक जनवरी 2026 की स्थिति के अनुसार अपनी संपत्तियों की जानकारी दी है। इसमें कृषि भूमि, आवासीय फ्लैट, भूखंड और व्यावसायिक संपत्तियों का विवरण शामिल है। सामने आए आंकड़ों से पता चलता है कि प्रदेश के कई वरिष्ठ अधिकारियों के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति है, इन संपत्तियों से हरियाणा के आईएएस लाखों रुपये किराया भी कमा रहे हैं। अधिकतर आईएएस की संपत्तियां मोहाली, गुरुग्राम व पंचकूला में हैं। हरियाणा के कुछ ऐसे भी आईएएस हैं, जिनका संपत्ति ब्यौरा सार्वजनिक नहीं हुआ है। इनमें मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी भी शामिल हैं। कई ऐसे भी हैं, जिन्होंने अपनी संपत्तियों का वर्तमान मूल्य भी नहीं दर्शाया है। 2024 व 2025 के कुल 11 आईएएस ऐसे हैं, जिनके पास कोई संपत्ति नहीं है। केंद्र सरकार ने बीते दिसंबर सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर सभी आईएएस से 31 जनवरी तक अपनी संपत्तियों का विवरण देने के निर्देश दिए थे। साथ ही यह भी निर्देश दिया था कि जो आईएएस अपनी संपत्ति का उल्लेख नहीं करेंगे, उन्हें अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही पदोन्नति पर भी फर्क पड़ सकता है।
सुधीर राजपाल : 12 करोड़ 90 लाख की संपत्ति
हरियाणा के गृह सचिव सुधीर राजपाल के पास गुरुग्राम के डीएलएफ सिटी में 7.5 करोड़ का प्लॉट है, जिससे वे सालाना 18 लाख रुपये कमाते हैं। दिल्ली के द्वारका में डेढ़ करोड़ का फ्लैट है, जो उनकी पत्नी के नाम है। इससे तीन लाख रुपये सालाना किराया आता है। कोलकाता में 50 लाख की कीमत का फ्लैट है। इससे भी हर साल तीन लाख रुपये किराया आता है। गुरुग्राम के गोल्फकोर्स में दो करोड़ का फ्लैट है, जिससे 6 लाख रुपये का किराया आता है। हिसार में साढ़े 15 लाख की कीमत का फ्लैट और पंचकूला के सेक्टर दो एमडीसी में सवा करोड़ का फ्लैट है।
सुमिता मिश्रा : 7.26 करोड़ की ज्ञात संपत्तियां
हरियाणा की स्वास्थ्य सचिव व वित्तायुक्त सुमिता मिश्रा के पास मोहाली में ढाई करोड़ रुपये का प्लॉट है। लखनऊ में दो प्लॉट व एक जमीन हैं, जो उन्हें मां से विरासत के रूप में मिली है। मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में करीब सवा करोड़ का प्लॉट है, जिससे उन्हें हर साल साढ़े तीन लाख रुपये किराया आता है। दिल्ली के हौजखास में 3.51 करोड़ का एक फ्लौर उनके पास हैं, जिससे वह हर साल 26 लाख रुपये किराया कमाते हैं।
अरुण गुप्ता : 16.25 करोड़ की संपत्तियां
मुख्यमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी व वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरुण गुप्ता के पास चार प्रॉपर्टी हैं। हिसार में तीन करोड़ की कीमत का प्लॉट है। मुल्लांपुर में सात करोड़ का प्लॉट है। गुरुग्राम के सेक्टर 43 में करीब साढ़े तीन करोड़ का फ्लैट है। इससे उन्हें हर महीने 56 हजार रुपये का किराया आता है। पंचकूला में पौने तीन करोड़ का फ्लैट है, जो निर्माणाधीन है।
एके सिंह : लगभग 2.30 करोड़ की प्रॉपर्टी
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आईएएस एके सिंह के पास यूपी के बागपत में करीब 98 लाख रुपये की जमीन है, जिसमें उनकी मां व भाई का भी शेयर है। इसके अलावा फरीदाबाद के सेक्टर 19 में 64 लाख का फ्लैट और मोहाली के न्यू चंडीगढ़ में 411 स्कवायर यार्ड, जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ तीन लाख रुपये है।
विनीत गर्ग : अधिकतर संपत्तियों का वर्तमान मूल्य नहीं बताया
गुरुग्राम के सेक्टर 56 में एक प्लॉट है, जिससे उन्हें 5.50 लाख की वार्षिक आय होती है। इसकी उन्होंने वर्तमान वैल्यू नहीं बताई है। पंचकूला के सेक्टर 7 में उनका व उनकी पत्नी के नाम है। इस प्रॉपर्टी से उन्हें 14 लाख रुपये की सालाना इनकम होती है। नई दिल्ली के रोहिणी में एक फ्लैट है। यह फ्लैट उन्हें माता की मृत्यु के बाद विरासत में मिला है। इससे लगभग उन्हें हर साल 5 लाख रुपये की आय होती है। सोनीपत में लगभग आठ एकड़ कृषि भूमि है। जमीन का वर्तमान बाजार मूल्य का उन्होंने उल्लेख नहीं किया है। यह जमीन भी उन्हें मां की मृत्यु के बाद विरासत में मिली है। पंचकूला के एमसीडी में करीब सवा तीन करोड़ रुपये का प्लॉट व पंचकूला के सेक्टर छह में एक घर है, जो उन्हें पारिवारिक समझौते के तहत मिला है।
दीप्ति उमाशंकर : गुरुग्राम से लेकर पटियाला तक संपत्ति
1993 बैच की आईएएस दीप्ति उमाशंकर राष्ट्रपति भवन में सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं। उनके पास करनाल में 17 एकड़ जमीन है, जिसकी वर्तमान में 34 लाख रुपये प्रति एकड़ मूल्य है। हालांकि उन्होंने यह भूमि सेवा में आने से पहले खरीद ली थी। इससे उन्हें सालाना दो लाख रुपये की आय होती है। उनके पास पटियाला में एक पैतृक भूमि का हिस्सा है। गुरुग्राम के सेक्टर 28 में करीब एक करोड़ की कीमत का फ्लैट है। उससे सालाना चार लाख रुपये की इनकम होती है। इसमें उनका हिस्सा 50 फीसदी हिस्सा है। पटियाला के सैदपुर में 177 बीघा जमीन में उनका 1/6 हिस्सा है। इसकी वर्तमान में 18.5 लाख प्रति एकड़ मूल्य है। यह उन्हें दादी से विरासत के तौर पर मिली है। इससे एक लाख की सालाना आय होती है।
डी सुरेश : गुरुग्राम से लेकर तेलगांना तक प्रॉपर्टी
गुरुग्राम के गांव बाजखेड़ा में लगभग 17 एकड़ पांच मरला कृषि भूमि है। 2005 में लगभग इसकी कीमत करीब 11.5 लाख रुपये थी। भूमि अभी मुकदमे में हैं, इसलिए कब्जा प्राप्त नहीं हुआ है। सेक्टर 67 गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन में खाली प्लॉट है। मई 2019 में उसकी कीमत करीब साढ़े तीन करोड़ थी। यूपी के ग्रेटर नोएडा में प्लॉट है। जब यह जमीन खरीदी गई तब उसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये थी। फरीदाबाद में एक फ्लैट है। वहीं, तेलगांना के गांव कोकापेट में मकान है, जिससे उन्हें हर महीने सवा लाख की इनकम होती है। गांव भो माजरा में भी छह बीघा व 12 बिस्वा जमीन है। इसकी कीमत करीब साढ़े 26 लाख है। गुरुग्राम के सोहाना में 16 कनाल भूमि है, जिसकी कीमत एक करोड़ 46 लाख 41 हजार रुपये है।
इन आईएएस की पास भी है काफी संपत्ति
2002 बैच के आईएएस मोहम्मद शाइन के पास पंचकूला में 2.72 करोड़ का फ्लैट, मोहाल में 70 लाख का फ्लैट, चंडीगढ़ में 1.10 करोड़ का फ्लोर है, जिससे उन्हें 27 लाख रुपये सालाना आय होती है। 1994 बैच के अनुराग अग्रवाल गुरुग्राम के सेक्टर 43 में फ्लैट है, जिसकी उन्होंने वर्तमान वैल्यू नहीं दिखाई है। इससे उन्हें छह लाख सालाना किराया आता है। चंडीगढ़ सेक्टर 19ए में एक कनाल की कोठी है। इसकी भी वर्तमान वैल्यू नहीं दिखाई है। 2000 बैच के पंकज अग्रवाल के पास झारखंड में पैतृक हाउस है। एसएएस नगर में प्लॉट है ,मगर वैल्यू नहीं है। पंचकूला एमडीसी दो में करीब डेढ़ करोड़ की कीमत का फ्लैट है।
जी अनुपमा के पास कुछ नहीं
1991 बैच के आईएएस जी अनुपमा के पास कोई भी अचल संपत्ति नहीं है। उन्होंने सभी कॉलम में निल लिखा है।

