Saturday, September 12, 2026
Latest:
करनालखेलचंडीगढ़जिंददेश-विदेशपंचकुलापंजाबपानीपतराज्यहरियाणा

हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार होने के आसार/ हाईकमान करेगा अंतिम फैसला / मंत्रीपद की दौड़ में विधायक!*

राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार होने के आसार/ हाईकमान करेगा अंतिम फैसला / मंत्रीपद की दौड़ में विधायक!*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
शिमला/ चंडीगढ़ ;- हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चर्चा में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर एक बार फिर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री सुक्खू समेत कई कैबिनेट मंत्रियों के दिल्ली दौरे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकातों के बीच अब निगाहें कांग्रेस हाईकमान के फैसले पर टिक गई हैं। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी नेतृत्व मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम तस्वीर साफ कर सकता है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के स्तर पर भी इस संबंध में राय-मशविरा होने की चर्चाएं हैं। मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल और विस्तार को लेकर कांग्रेस के भीतर पिछले कुछ समय से लगातार कयास लगाए जा रहे हैं। ऐसे में हाईकमान के फैसले को लेकर विधायकों और मंत्रियों की दिल्ली सक्रियता ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है।
मंत्री पद की संभावित दौड़ में कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर और पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल के नाम प्रमुखता से चर्चा में हैं। हालांकि, अंतिम फैसला मुख्यमंत्री की पसंद, क्षेत्रीय संतुलन और हाईकमान की राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए ही होने की संभावना है। उपमुख्यमंत्री समेत कैबिनेट के कई मंत्रियों के दिल्ली दौरे ने भी प्रदेश कांग्रेस की सियासत को गरमा दिया है। सामान्य तौर पर पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात को लेकर नेता इसे व्यक्तिगत या संगठनात्मक कार्यक्रम बताते रहे हैं, लेकिन एक ही समय में कई वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली सक्रियता ने मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं को फिर केंद्र में ला दिया है। दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकों और फीडबैक के दौर के बीच प्रदेश कांग्रेस में यह चर्चा भी तेज है कि हाईकमान सरकार के कामकाज और मंत्रियों के प्रदर्शन की समीक्षा कर रहा है। ऐसे में संभावित विस्तार के साथ विभागों में फेरबदल की संभावना से भी इन्कार नहीं किया जा रहा। मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं के बीच कैबिनेट की बैठक नहीं होने को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लग रही हैं। सरकार के स्तर पर इसकी वजह सामान्य प्रशासनिक कार्यक्रम और जरूरी एजेंडे के अनुरूप बैठक बुलाने से जुड़ी हो सकती है, लेकिन कांग्रेस के भीतर इसे मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर भी देखा जा रहा है।
*सचिवालय नहीं आए सीएम, ओकओवर में लिया स्वास्थ्य लाभ*
मुख्यमंत्री सुक्खू शुक्रवार को सचिवालय नहीं आए। स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के चलते उन्होंने ओकओवर में आराम किया। उधर, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, हर्षवर्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह और चंद्र कुमार ने शाम तक सचिवालय में कामकाज निपटाया।
*कैबिनेट बैठक रद्द होने का कारण मनमुटाव नहीं : रोहित*
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वह कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए शिमला आए थे। कई अन्य मंत्री भी शिमला में मौजूद थे। कैबिनेट बैठक रद्द होने की सूचना वीरवार शाम को मिली। बैठक क्यों स्थगित की गई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कैबिनेट बैठक के स्थगित होने को लेकर किसी तरह के मतभेद या मनमुटाव की बात सही नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!