नगर निगम सदन की मासिक बैठक आज, हंगामे के भी बीच कई बड़े फैसले संभव*
राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
नगर निगम सदन की मासिक बैठक आज, हंगामे के भी बीच कई बड़े फैसले संभव*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
चंडीगढ़ ;- नगर निगम सदन की मासिक बैठक आज होगी। बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई अहम एजेंडों पर चर्चा होगी। वहीं, कांग्रेस ने 20 हजार लीटर प्रतिमाह मुफ्त पानी की योजना लागू न किए जाने के विरोध में निगम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन का एलान किया है। ऐसे में सदन में हंगामे के आसार भी हैं। कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने कहा कि एक महीने में दो बार सदन की बैठक बुलाना उचित नहीं है। उनके अनुसार पिछली बैठक में ही एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की जा सकती थी। इससे समय और सरकारी धन दोनों की बर्बादी हो रही है। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि नगर निगम सदन पहले ही 20 हजार लीटर मुफ्त पानी का प्रस्ताव पारित कर चुका है लेकिन इसे लागू नहीं किया जा रहा। उन्होंने इसे भाजपा और आम आदमी पार्टी की विफलता बताया।
*स्मार्ट पार्किंग की नई शुल्क व्यवस्था*
बैठक में स्मार्ट पार्किंग की नई शुल्क व्यवस्था भी मंजूरी के लिए रखी जाएगी। प्रस्ताव के अनुसार अब पार्किंग शुल्क घंटों के हिसाब से लिया जाएगा और प्रत्येक चार घंटे बाद पांच रुपये की वृद्धि होगी। अभी दोपहिया वाहन के लिए पूरे दिन का शुल्क सात रुपये और चारपहिया के लिए 14 रुपये है। नई व्यवस्था में एक मिनट की भी मुफ्त पार्किंग नहीं होगी, हालांकि पिक एंड ड्रॉप के लिए 10 मिनट का समय मिलेगा। पार्किंग शुल्क में संशोधन चार और आठ वर्ष बाद करने का भी प्रस्ताव है।
*पर्यावरणीय लैब स्थापित करने का प्रस्ताव*
सदन में डड्डूमाजरा डंपिंग ग्राउंड में 1.63 करोड़ रुपये की लागत से पर्यावरणीय लैब स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इस लैब में डंपिंग ग्राउंड से निकलने वाले लीचेट और कचरे की गुणवत्ता की जांच होगी। परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा मलोया, धनास और रायपुरकलां में गोबर से बायोगैस संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी एजेंडे में शामिल है।
*21.44 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना पर भी होगी चर्चा*
बैठक में 21.44 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना पर भी चर्चा होगी। इसके तहत वार्ड नंबर 7, 8 और 9 के विकास नगर, चरण सिंह कॉलोनी, मौलीजागरां कॉम्प्लेक्स, गांव मौली, रायपुरकलां, रायपुरखुर्द, मक्खन माजरा, दड़वा, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 और सुंदर नगर के हजारों परिवारों को पहली बार नहरी पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
लेजर वैली के सौंदर्यीकरण, 22 पुराने दमकल वाहनों की नीलामी तथा 39वें गुलदाउदी शो-2026 और 55वें रोज फेस्टिवल-2027 को स्पॉन्सरशिप मॉडल पर आयोजित करने के लिए एजेंसियों, कंपनियों, फर्मों, एनजीओ और अन्य संस्थाओं से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित करने का प्रस्ताव भी सदन में रखा जाएगा।

