करनालखेलचंडीगढ़जिंददेश-विदेशपंचकुलापंजाबपानीपतराज्यहरियाणा

हरियाणा सीएम सैनी ने मान सरकार पर तंज कसते हुए कहा चुटकुलों से सिनेमा हॉल चल सकते है सरकार नहीं / आप क्रांतिकारी नहीं, बल्कि भ्रांतिकारी पार्टी*

राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
हरियाणा सीएम सैनी ने मान सरकार पर तंज कसते हुए कहा चुटकुलों से सिनेमा हॉल चल सकते है सरकार नहीं / आप क्रांतिकारी नहीं, बल्कि भ्रांतिकारी पार्टी*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
चंडीगढ़ ;- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को पंजाब के धूरी में आयोजित विशाल जनसभा में राज्य में राजनीतिक परिवर्तन का आह्वान करते हुए कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री को चुटकुलों के अलावा कुछ और नहीं आता। चुटकुलों से सिनेमा हॉल तो चल सकते हैं लेकिन सरकार नहीं चल सकती। यही कारण है कि पंजाब की जनता अब सरकार के झूठे वादों और खोखले आश्वासनों की राजनीति से ऊब चुकी है और विकास, सुशासन तथा पारदर्शी प्रशासन की नई राह चुनने के लिए तैयार है। जनसभा में उमड़े भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धूरी की जनता का उत्साह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि प्रदेश में बदलाव की मजबूत लहर चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता अपने आप को क्रांतिकारी बताते हैं लेकिन वास्तव में ये भ्रांतिकारी हैं जो अपनी कमियों को छिपाने के लिए दूसरों के कामों व उपलब्धियों के संबंध में जनता को भ्रमित करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि धूरी मुख्यमंत्री का निर्वाचन क्षेत्र है लेकिन मुख्यमंत्री तो पंजाब ही नहीं बल्कि धूरी से भी दूरी बना चुके हैं।
पंजाब कभी विकास के मामले में अन्य राज्यों से काफी आगे होता था जिसे यहां की राजनीतिक पार्टियों ने अपने निजी स्वार्थ के चलते पिछड़े राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है। आज पंजाब में नशे के विरुद्ध युद्ध केवल अखबारों में विज्ञापन देकर ही लड़ा जा रहा है, धरातल पर कुछ काम नहीं हो रहा है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब का किसान देश का अन्नदाता है। इस अन्नदाता ने 2022 में ‘आप’ पार्टी पर भरोसा करके उसे वोट दिया लेकिन पंजाब में न तो किसानों की सभी फसलों को एमएसपी का लाभ मिला और न ही खराबे का उचित मुआवजा दिया जाता है। यह किसानों के साथ किया गया सबसे बड़ा विश्वासघात है जिसका जवाब किसान भाई आने वाले चुनाव में आम आदमी पार्टी को देंगे। इसके विपरीत हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां सरकार अपने किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदती है। इसी प्रकार प्राकृतिक आपदा में किसान के नुकसान की भरपाई में भी हरियाणा सरकार काफी आगे है। पिछले साल हुई बरसात व बाढ़ से फसल खराब होने पर हरियाणा में किसानों को 16500 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद की गई है। फसल बेचने मंडी में आने वाले किसानों को जे-फार्म तुरंत ऑनलाइन मिलता है और 72 घंटे के भीतर फसल का पैसा किसान के खाते में भिजवा दिया जाता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने मुश्किल से कांग्रेस से पीछा छुड़वाया था, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने यहां के लोगों से बड़े-बड़े वादे किए और उन्हें सब्जबाग दिखाए। पंजाब के भोले लोग इनकी बातों में आ गए जिसका नुकसान पंजाब आज तक उठा रहा है। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी केवल वादे करने में नहीं, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने में विश्वास रखती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं, जिनका लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। मोदी जी चाहते हैं कि भारत विकसित बने। यदि पंजाब की जनता ठान ले और भाजपा का साथ दे तो पंजाब भी विकसित राज्य बन सकता है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में पारदर्शी शासन और मेरिट आधारित व्यवस्था के माध्यम से युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। पिछले साढ़े 11 साल में हरियाणा में लगभग लाखों युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां मिली हैं, जिससे व्यवस्था में जनता का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं तथा गरीब परिवारों को राहत पहुंचाने वाली कल्याणकारी पहलों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब को ऐसी सरकार की आवश्यकता है जो केवल घोषणाएं न करे, बल्कि उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने की क्षमता भी रखती हो। प्रदेश के किसानों, युवाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मजबूत नेतृत्व और जवाबदेह शासन की जरूरत है। पंजाब में केवल भाजपा ही सुशासन ला सकती है और पंजाब को विकास, निवेश, रोजगार और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। हरियाणा में भाजपा ने चुनाव घोषणा पत्र में 217 संकल्प लिए थे जिनमें से 63 संकल्प पहले साल में ही पूरे कर लिए गए और 153 संकल्पों पर तेज गति से काम चल रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में धूरी जैसे प्रगतिशील शहर आर्थिक गतिविधियों के केंद्र बिंदू रहे हैं लेकिन वर्तमान सरकार की उदासीन नीतियों ने इन शहरों को विकास की दौड़ में पीछे कर दिया है। पंजाब में अधिकतर उद्योग बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं। इसके विपरीत हरियाणा में डबल इंजन सरकार ने बीते साढ़े 11 साल में जो काम किए हैं वे आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। सरकार ने पारदर्शी शासन व्यवस्था लागू करके बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाया है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा आज हर क्षेत्र में विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने तुलना करते हुए बताया कि पंजाब में 80 हजार रुपये तक की सालाना आमदनी वाले परिवारों के बुजुर्गों को केवल 1500 रुपये महीना वृद्धावस्था पेंशन मिल रही है जबकि हरियाणा में 3 लाख रुपये तक की आमदनी वाले परिवारों के बुजुर्गों को 3200 रुपये महीना पेंशन दी जा रही है। इसी प्रकार हरियाणा में पिछले साढ़े 11 साल में जरूरतमंद परिवारों को 1.60 लाख मकान दिए गए हैं और साढ़े 10 हजार नए मकान बनकर तैयार हैं जिन्हें जल्द ही लाभार्थियों को सौंप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में बहन-बेटियों को ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत प्रतिमाह 2100 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। गरीब महिलाओं को रसोई चलाने के लिए हर महीने केवल 500 रुपये में सिलेंडर दिया जा रहा है। इसके अलावा 3 करोड़ की आबादी वाले हरियाणा में 1.5 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत व चिरायु योजना के तहत प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज का लाभ मिल रहा है जबकि पंजाब के मोहल्ला क्लीनिक में लोगों को न तो दवाइयां मिलती है और न ही डॉक्टर। उन्होंने जनता से आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा को अवसर देने की अपील करते हुए कहा कि आने वाला चुनाव केवल सरकार चुनने का नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य, युवाओं के रोजगार, किसानों की समृद्धि और प्रदेश के समग्र विकास का चुनाव है। उन्होंने कहा कि जनता का प्रत्येक वोट पंजाब में एक मजबूत और विकासोन्मुख डबल इंजन सरकार के गठन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने उपस्थितगण को पंजाब में सुशासन, विकास और जनकल्याण को केंद्र में रखकर नई राजनीतिक दिशा देने का संकल्प भी दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!