ममता को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी होंगे बंगाल के नए मुख्यमंत्री, 2 डिप्टी CM भी लेंगे शपथ!*
राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
ममता को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी होंगे बंगाल के नए मुख्यमंत्री, 2 डिप्टी CM भी लेंगे शपथ!*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
कोलकाता ;- पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है। विधानसभा चुनाव में 207 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत हासिल करने वाली भाजपा ने राज्य की कमान अपने कद्दावर नेता शुभेंदु अधिकारी को सौंपने का फैसला किया है। शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री होंगे। उनके साथ राज्य में दो उप-मुख्यमंत्री भी बनाए जाएंगे, जिनमें से एक नाम पर मुहर लग चुकी है। भाजपा की फायरब्रांड नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद रूपा गांगुली राज्य की पहली महिला डिप्टी सीएम बनेंगी। वहीं, दूसरे डिप्टी सीएम के लिए उत्तर बंगाल के किसी कद्दावर पुरुष विधायक के नाम पर विचार किया जा रहा है।
*गृह मंत्रालय संभालेंगे शुभेंदु, आज शाम 5 बजे होगा औपचारिक ऐलान*
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री बनने जा रहे शुभेंदु अधिकारी के पास ही बेहद महत्वपूर्ण गृह मंत्रालय का प्रभार भी रहेगा। कोलकाता में आज हुई विधायक दल की बैठक में इन नामों पर अंतिम चर्चा की गई है। आज शाम ठीक 5 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम के नामों का औपचारिक ऐलान कर दिया जाएगा। इस खबर के बाद से ही भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है, वहीं राजनीतिक गलियारों में इस नई टीम को लेकर काफी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
*9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण, जुटेंगे PM मोदी और शाह*
बंगाल की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह बेहद भव्य होने वाला है। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में 9 मई को शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ दोनों उप-मुख्यमंत्री भी पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इस मेगा इवेंट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए (NDA) के कई दिग्गज नेता शामिल होकर अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे। सुरक्षा और तैयारियों को लेकर प्रशासन अभी से अलर्ट मोड पर है।
*भवानीपुर और नंदीग्राम: ममता के गढ़ को ढहाकर बने ‘किंग’*
शुभेंदु अधिकारी का मुख्यमंत्री पद तक का सफर बेहद संघर्षपूर्ण और ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने इस चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके सबसे सुरक्षित माने जाने वाले गढ़ भवानीपुर सीट से हराकर बड़ा उलटफेर किया है। इसके साथ ही शुभेंदु ने नंदीग्राम सीट से भी लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। गौरतलब है कि 2021 के चुनाव में भी उन्होंने नंदीग्राम में ममता बनर्जी को शिकस्त दी थी। बंगाल में भाजपा की इस बड़ी जीत और ममता बनर्जी की निजी हार ने शुभेंदु अधिकारी का कद पार्टी के भीतर और राज्य की राजनीति में काफी ऊंचा कर दिया है।

