रोहतक PGI में बुजुर्ग महिला को लगा ऑक्सीजन सिलेंडर हुआ लीक, मची अफरा तफरी, ICU में मरीज*
राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
रोहतक PGI में बुजुर्ग महिला को लगा ऑक्सीजन सिलेंडर हुआ लीक, मची अफरा तफरी, ICU में मरीज*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
रोहतक/चंडीगड़ ;- पीजीआई के वॉर्ड नंबर 5 में गुरुवार को ऑक्सीजन सिलेंडर लीक होने से अफरा-तफरी मच गई। जिस महिला को यह ऑक्सीजन सिलेंडर लगाया गया था उसे गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया है। सिलेंडर से गैस रिसाव देखकर मरीजों और परिजनों में दहशत फैल गई। एक सतर्क व्यक्ति ने सिलेंडर को खींचकर वॉर्ड से बाहर गलियारे में ले गया और कर्मचारी ने गैस रिसाव को बंद किया। गनीमत रही कि सिलेंडर नहीं फटा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
*ऑक्सीजन के अधिक प्रवाह से महिला हुई गंभीर*
वार्ड नंबर-5 में महम से तीन दिन पहले पथरी की समस्या को लेकर 60 वर्षीय सुखदेई को पीजीआई रोहतक लाया गया था। सांस लेने में तकलीफ के चलते उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर लगाया गया था। परिजनों के अनुसार, एक कर्मचारी ने सिलेंडर का फ्लो मीटर अधिक खोल दिया, जिससे ऑक्सीजन का प्रवाह तेज हो गया। इससे सुखदेई को तकलीफ हुई और वे तड़पने लगीं। परिजनों ने तुरंत उन्हें सिलेंडर से दूर किया, लेकिन इस दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर का फ्लो मीटर टूट गया, जिससे गैस रिसाव शुरू हो गया। परिजनों ने कर्मचारी की अनुभवहीनता और लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
*जानिए पीजीआई के निदेशक ने क्या कहा*
बताया जा रहा है कि बेयररों की हड़ताल के कारण ठेकेदार ने हाल ही में नए कर्मचारियों की भर्ती की थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिलेंडर संचालित करने वाले कर्मचारी की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। पीजीआई के निदेशक डॉ. एसके सिंघल ने कहा संस्थान के वॉर्डों में ऑक्सीजन प्वाइंट उपलब्ध हैं। आवश्यकता पड़ने पर ही सिलेंडर का उपयोग किया जाता है। सिलेंडर लीक होने की घटना की जांच की जाएगी।

