सोमवार को जारी होगी भाजपा के नए 27 जिलाध्यक्षों की लिस्ट*
राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,
सोमवार को जारी होगी भाजपा के नए 27 जिलाध्यक्षों की लिस्ट*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,
चंडीगढ़ ;- शहरी स्थानीय निकायों – नगर निगमों, नगर परिषदों व नगर पालिकाओं के चुनावी नतीजों के साथ ही भाजपा ने संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। सबसे पहले जिलाध्यक्ष बनाए जाएंगे। जिलाध्यक्ष पद के इच्छुक नेताओं से शनिवार को आवेदन करने के लिए कहा गया था। आवेदन के लिए रविवार दोपहर दो बजे तक का ही समय दिया गया। आवेदन आने के बाद उनकी छंटनी भी कर दी जाएगी।
माना जा रहा है कि सोमवार को 27 जिलाध्यक्षों की लिस्ट जारी हो सकती है। करीब पंद्रह जिलों में नये जिलाध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। जिलाध्यक्ष पद के इच्छुक नेताओं को जिला कार्यालयों में ही आवेदन करने को कहा गया था। पार्टी के हरियाणा मामलों के प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया की देखरेख में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। जिलाध्यक्ष बनने के बाद प्रदेशाध्यक्ष पद का फैसला होगा। जिलाध्यक्ष ही पार्टी प्रधान चुनेंगे। माना जा रहा है कि मोहनलाल बड़ौली को एक बार फिर प्रदेशाध्यक्ष बनाया जा सकता है।
जिला कार्यालयों में चुनाव अधिकारी मौजूद रहे। रेवेन्यू के हिसाब से प्रदेश में 22 जिले हैं लेकिन भाजपा के संगठन में जिलों की संख्या 27 है। भाजपा सूत्रों का कहना है कि मौजूदा जिलाध्यक्षों में से कुछ नेताओं को प्रदेश संगठन में जगह दी जा सकती है। इतना ही नहीं, कुछ ऐसे जिलाध्यक्ष भी हैं, जो अधिक सक्रिय नहीं होने की वजह से पार्टी के रॉडार पर थे। इनकी छुट्टी करके उनकी जगह नये चेहरों को मौका मिलने की प्रबल संभावना है।
भाजपा की प्रदेश चुनाव अधिकारी व हरियाणा की प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने शनिवार की देर रात पत्र जारी करके रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक जिलाध्यक्ष पद के लिए आवेदन करने को कहा गया। अर्चना गुप्ता ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि जिलाध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया सोमवार तक पूरी करके घोषणा कर दी जाएगी। बेशक, संगठनात्मक चुनाव चल रहे हैं लेकिन जिलाध्यक्ष पद के लिए कहीं भी मतदान की नौबत आने के आसार नहीं हैं। प्रदेश के अधिकांश जिलों में सर्वसम्मति से ही जिलाध्यक्ष का फैसला होगा लगभग तय है।