मोदी सरकार ने आम आदमी को फिर दिया झटका / 5 दिन में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल तथा सीएनजी के दाम!*
राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
मोदी सरकार ने आम आदमी को फिर दिया झटका / 5 दिन में दूसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल तथा सीएनजी के दाम!*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
नई दिल्ली :- पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच आम आदमी को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में एक बार फिर से भारी इजाफा कर दिया है। पिछले महज पांच दिनों के भीतर यह दूसरा मौका है जब ईंधन की कीमतों में आग लगी है। इस ताजा बढ़ोतरी के तहत पेट्रोल में 86 पैसे और डीजल में 83 पैसे प्रति लीटर की औसत वृद्धि की गई है, जिससे पांच दिन के भीतर ही दाम करीब 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं। इससे पहले 15 मई को भी तेल कंपनियों ने ग्राहकों को झटका देते हुए दोनों ईंधनों के दामों में तीन रुपये प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की थी।
*महानगरों में आसमान छू रहे ईंधन के दाम*
लगातार हो रही इस बढ़ोतरी के बाद देश के चारों प्रमुख महानगरों में पेट्रोल और डीजल के दाम नए स्तर पर पहुंच गए हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे का इजाफा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही दिल्ली में अब पेट्रोल 98.64 रुपये और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 96 पैसे महंगा होकर 109.70 रुपये और डीजल 94 पैसे महंगा होकर 96.07 रुपये प्रति लीटर हो गया है। आर्थिक राजधानी मुंबई में ग्राहकों को अब एक लीटर पेट्रोल के लिए 107.59 रुपये और डीजल के लिए 94.08 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। वहीं, चेन्नई में पेट्रोल 104.49 रुपये और डीजल 96.11 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर पहुंच गया है।
*सीएनजी ने भी रुलाया, इतिहास में पहली बार 80 के पार पहुंची कीमत*
पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ सीएनजी वाहनों का इस्तेमाल करने वालों को भी महंगाई की इस दोहरी मार का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी की कीमतों में एक रुपये प्रति किलोग्राम का ताजा इजाफा कर दिया गया है। इस नई बढ़ोतरी के साथ ही दिल्ली में सीएनजी के दाम इतिहास में पहली बार 80 रुपये के आंकड़े को पार कर गए हैं। वर्तमान में दिल्ली में सीएनजी 80.09 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रही है, जबकि नोएडा में इसकी कीमत 88.70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। ज्ञात हो कि इससे पहले 15 मई को भी सीएनजी की कीमतों में दो रुपये की बढ़ोतरी लागू की गई थी।
*क्यों लग रही है कीमतों में आग और आम जनता पर क्या होगा असर?*
ईंधन की कीमतों में हो रहे इस बेतहाशा इजाफे का सीधा और सबसे बुरा असर रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, ऑटो-रिक्शा चालकों और ऐप-बेस्ड कैब चलाने वालों की जेब पर पड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से माल ढुलाई महंगी होगी, जिससे आने वाले दिनों में रोजमर्रा की जरूरी चीजों के दाम भी बढ़ेंगे। इस भीषण महंगाई की मुख्य वजह ईरान जंग और अंतरराष्ट्रीय बाजार का बिगड़ता गणित है। युद्ध शुरू होने के बाद से कच्चे तेल के दामों में 50 फीसदी से ज्यादा का उछाल आ चुका है और यह 100 डॉलर प्रति बैरल के पार लगातार बना हुआ है। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में आई ऐतिहासिक गिरावट ने स्थिति को और गंभीर कर दिया है। रुपया टूटकर 96.23 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया है। रुपये की इस कमजोरी से भारत जैसे आयात पर निर्भर देश के लिए कच्चा तेल खरीदना बेहद महंगा साबित हो रहा है, जिसका अंतिम बोझ आम जनता की जेब पर डाला जा रहा है।

