*सांसद सुरजेवाला का नायब सरकार पर आरोप / कहा हरियाणा में फैली अपार बेरोजगारी / भाजपा राज में बेरोजगारी ने कैथल के एक और युवक की ली जान*
राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
*सांसद सुरजेवाला का नायब सरकार पर आरोप / कहा हरियाणा में फैली अपार बेरोजगारी / भाजपा राज में बेरोजगारी ने कैथल के एक और युवक की ली जान*
*सुरजेवाला बोले, हरियाणा के युवाओं के पास न नौकरियां बची, न स्किल डेवलपमेंट के सही अवसर, लाखों युवा मजबूर होकर कर्ज लेकर डंकी मार रहे और विदेश में मौत का हो रहे शिकार*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
कैथल ;- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कैथल जिले के गांव बाकल निवासी 26 वर्षीय युवक सिमरनजीत सिंह की अमेरिका में दर्दनाक मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है और इसे भाजपा सरकार की बेरोजगारी नीति का सीधा नतीजा बताया है। सुरजेवाला ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि कैथल के गांव बाकल निवासी सिमरनजीत सिंह बेहतर भविष्य की तलाश में ₹50 लाख का भारी कर्ज लेकर डंकी रूट से अमेरिका गया था। वहां कैलिफोर्निया में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहा युवक सड़क किनारे अपने केमिकल लदे ट्रक के साथ खड़ा था। तभी पीछे से आए दूसरे वाहन की जोरदार टक्कर लगने से ट्रक में आग लग गई और युवक मौके पर ही जिंदा जलकर मर गया। रणदीप सुरजेवाला ने कैथल से एक प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक युवक की मौत नहीं है, बल्कि भाजपा सरकार के 12 सालों की नाकामी का शिकार है। हरियाणा के युवाओं के पास न नौकरियां बची हैं, न स्थानीय उद्योग, न स्किल डेवलपमेंट के सही अवसर। लाखों युवा मजबूर होकर कर्ज लेकर डंकी मार रहे हैं और विदेश में मौत का सामना कर रहे हैं।
सुरजेवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी जी हरियाणा के माँ-बाप आपसे पूछ रहे हैं कि आखिर कब तक हरियाणा के युवा कर्ज लेकर विदेश भेजे जाएंगे और मौत के मुंह में जाएंगे? आखिर कब तक हरियाणा का युवा बेरोजगारी का दंश झेलता रहेगा? क्या भाजपा सरकार को हमारे बच्चों के सपनों, उनकी जान और उनके भविष्य से कोई सरोकार नहीं है? रणदीप सुरजेवाला ने सरकार से मांग की कि मुख्यमंत्री युवाओं को रोजगार, स्किल और स्थानीय अवसर दें। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इन 12 सालों में सिर्फ जुमले दिए, युवाओं को निराशा और हताशा दी। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दिवंगत युवक की आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ईश्वर परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति दें।

