Friday, April 10, 2026
Latest:
करनालखेलचंडीगढ़जिंददेश-विदेशपंचकुलापंजाबपानीपतराज्यहरियाणा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष,राव नरेंद्र सिंह ने नूंह व तावड़ू की मंडियों का किया निरीक्षण / कहा किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं*

राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष,राव नरेंद्र सिंह ने नूंह व तावड़ू की मंडियों का किया निरीक्षण / कहा किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
नूह ;- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह मंगलवार को नूंह जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने तावडू और नूंह अनाज मंडियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों से सीधे संवाद कर फसल खरीद से जुड़ी समस्याओं को सुना। उनके साथ विधायक आफताब अहमद, जिला अध्यक्ष शाहिद खान सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। तावडू अनाज मंडी में निरीक्षण के दौरान किसानों ने फसल की नमी जांच को लेकर गंभीर शिकायतें उठाईं। किसानों का कहना था कि सरकारी खरीद एजेंसी की मशीन और व्यापारियों की मशीन में नमी के आंकड़ों में बड़ा अंतर आ रहा है। मौके पर ही दो अलग-अलग मशीनों से जांच कराई गई, जिसमें सरकारी मशीन ने लगभग 14 प्रतिशत नमी दिखाई, जबकि व्यापारियों की मशीन में यह करीब 9 प्रतिशत पाई गई। इस अंतर को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाते हुए इसे किसानों के साथ अन्याय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर ऐसी शर्तें लगा रही है जिससे किसानों की फसल खरीदी न जाए और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़े। उन्होंने कहा कि नमी के नाम पर किसानों को परेशान करना और फसल खरीद में अड़चन डालना सरकार की गलत नीति को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा व्यवस्था में गेट पास, वाहन पंजीकरण, ओटीपी और बायोमेट्रिक जैसी प्रक्रियाएं किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं, खासकर उन किसानों के लिए जिनकी जमीन महिलाओं के नाम पर है या जो शारीरिक रूप से मंडी तक पहुंचने में सक्षम नहीं हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि इस बार मंडियों में फसल की आवक बहुत कम है और अभी तक बहुत कम प्रतिशत ही फसल मंडियों तक पहुंच पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित नहीं कर रही और विभिन्न शर्तों के बहाने किसानों की फसल लेने से बच रही है। साथ ही उन्होंने बेमौसमी बारिश को लेकर सरकार के मंत्रियों के बयानों पर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसी परिस्थितियां किसानों को दोहरी मार दे रही हैं। नूंह मंडी में भी उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि कांग्रेस विपक्ष के रूप में इन मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसान और आम जनता के हित में खड़ी रही है और आगे भी किसानों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
वहीं राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर भी उन्होंने कड़ा रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि जिन विधायकों ने पार्टी के खिलाफ जाकर मतदान किया है, उनके खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर ली गई है और मामला पार्टी हाईकमान को भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासन समिति इस मामले में कार्रवाई करेगी और जल्द ही इसका परिणाम सामने आएगा। इस दौरान नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों की समस्याएं बेहद गंभीर हैं और मौजूदा सरकार पूरी तरह किसान विरोधी है।
उन्होंने कहा कि किसान मेहनत से फसल उगाता है, लेकिन सरकार की नीतियों के कारण उसे उचित दाम नहीं मिल पा रहा। उन्होंने बेमौसमी बारिश से हुए नुकसान का जिक्र करते हुए मांग की कि प्रभावित किसानों की सही गिरदावरी कर उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए। वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष शहीदा खान ने कहा कि पूरे जिले में किसानों और आढ़तियों को इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मंडियों में गेट पास और अन्य प्रक्रियाओं को लेकर व्यापारी भी दबाव में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!