Wednesday, November 4, 2026
Latest:
करनालखेलचंडीगढ़जिंददेश-विदेशपंचकुलापंजाबपानीपतराज्यहरियाणा

राहुल गांधी ने भगवंत मान पर गरजते हुए कहा नशा खत्म करने में सरकार फेल / पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा ड्रग्स*

राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
राहुल गांधी ने भगवंत मान पर गरजते हुए कहा नशा खत्म करने में सरकार फेल / पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा ड्रग्स*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
संगरूर के गांव फगुवाला में कांग्रेस की इंसाफ रैली में राहुल गांधी ने मान सरकार और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सबसे पहले मंच पर मौजूद दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता का जिक्र किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि आज पंजाब में नशा और गैंग्सटरिज़्म सबसे बड़ा संकट बन चुका है। राहुल गांधी ने मूसेवाला के अपनी पुरानी मुलाकात को याद करते हुए कहा कि सिद्धू मूसेवाला बेहद टैलेंटेड और ऊर्जावान युवा थे। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि जिस सोच ने मूसेवाला को दिन-दहाड़े और बिना डरे गोलियों से भून दिया, वह दुखद है। राहुल ने कहा कि जिस पिता को अपने जवान बेटे की अर्थी देखनी पड़े, उससे बड़ा दर्द इस दुनिया में और कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि मूसेवाला की सिक्योरिटी हटाए जाने के बाद सरेआम उनकी हत्या कर दी गई।
*नशा पंजाब में सबसे बड़ा नासूर*
पंजाब में नशे के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जब वह पहले पंजाब आए थे और उन्होंने नशे की बात कही थी, तब विपक्ष के तमाम दलों बीजेपी और अकाली दल ने उनकी बात को नकारा था। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक प्रदेश में उद्योग, फैक्ट्रियां और खेती-किसानी मजबूत नहीं होगी, तब तक नशा और गैंग्सटरिज़्म का खात्मा नहीं हो सकता। आप सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि चुनाव के समय उन्होंने वादा किया था कि वे पंजाब से नशा पूरी तरह मिटा देंगे। जनता ने उन पर भरोसा भी किया, लेकिन आज सवाल यह है कि सरकार ने प्रदेश के किस कोने से नशा खत्म किया है? मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा प्रहार करते हुए राहुल गांधी ने लोकसभा के दिनों का एक संस्मरण साझा किया। उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री खुद हर शाम नशे की गिरफ्त में रहता हो, वह जनता को नशे से कैसे बचा सकता है। राहुल ने कहा कि नशा रोकने के लिए एक ऐसे नेता और मुख्यमंत्री की जरूरत है जिसके दिल में पंजाब का असली दर्द हो।
*हिम्मत है तो सामने बैठें पीएम मोदी, 5 मिनट में साबित कर दूंगा कौन देशद्रोही*
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली चुनौती देते हुए सीधा मुकाबला करने और डिबेट की हुंकार भरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि मोदी जी कहते हैं कि कांग्रेसी देशद्रोही हैं, तो मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वह कहीं भी, किसी भी मंच या एनडीटीवी के स्टूडियो में मेरे सामने आकर बैठ जाएं। जिसे चाहें जज बना लें, मेज के एक तरफ वह बैठें और दूसरी तरफ मैं बैठूंगा। राहुल गांधी ने दावा किया कि मोदी मेरे सामने टिक नहीं सकते और मैं महज पांच मिनट में साबित कर दूंगा कि असलियत क्या है। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब की भगवंत मान सरकार और केंद्र पर भी तीखे हमले किए।
*दिल्ली से नहीं, पंजाब से चलनी चाहिए पंजाब सरकार*
प्रधानमंत्री को ललकारने के साथ ही राहुल गांधी ने पंजाब की मौजूदा ‘आप’ सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आज पंजाब की सरकार रिमोट कंट्रोल से दिल्ली से चलाई जा रही है। जब पंजाब का मुख्यमंत्री यहां की कमान संभालता है, तो फिर सूबे की हुकूमत को दिल्ली या देश के गृह मंत्री के इशारों पर क्यों चलाया जाता है? उन्होंने ‘आप’ सरकार के वादों पर करारा तंज कसते हुए कहा कि जनता से एमएसपी, महिलाओं को कैश ट्रांसफर और नशा मुक्ति के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज इनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। राहुल गांधी ने पंजाब के किसानों और उद्योगपतियों की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि पंजाब सिर्फ अपने राज्य का पेट नहीं भरता, बल्कि पूरे देश को अन्न खिलाता है और देश का भरण-पोषण करता है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब पंजाब में खेलकूद, टेक्सटाइल और ऑटोमोबाइल जैसे लघु और मध्यम उद्योग भारी मात्रा में थे। उन्होंने दो टूक कहा कि इन दोनों सेक्टरों (किसानी और उद्योग) को बचाए बिना न तो नशे के नासूर को मिटाया जा सकता है और न ही गैंगस्टर्स के खिलाफ जंग जीती जा सकती है। सिर्फ कांग्रेस पार्टी ही किसानों की रक्षा और उद्योगों को दोबारा पटरी पर लाने का माद्दा रखती है।
अंत में उन्होंने पंजाब की जनता से अपील की कि वे राज्य में कांग्रेस की ऐसी मजबूत सरकार बनाएं जो हर मोर्चे पर खरा उतरे और जनता के अधिकारों की रक्षा करे।

*मंच से राहुल गांधी को हल और तलवार भेंट *
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आज का दिन पंजाब के लिए शुभ ह। सभी कांग्रेसी नेता इकट्ठा हैं और भारी भीड़ ने साबित कर दिया है। एकता को क़ायम रखने की जरूरत है। राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा उठाया और सभी दलों को इकट्ठा किया। दिल्ली सरकार, वोट चोरी से बनी है। यदि पंजाब में चुनाव जीते तो पूरे देश में जीतेंगे, ये मेरा दावा है। भाजपा तो हमारी संस्थाओं को खत्म कर रही है। भगवंत मान सरकार बेहद बुरी सरकार है। पंजाब की नीति पंजाब के नेता ही तय करेंगे। मंच से भाषण के दाैरान वरिष्ठ नेता विजयइंदर सिंगला ने कहा कि आप सरकार, संगरूर से चल रही है लेकिन संगरूर को कुछ नहीं मिला। भाजपा ने 12 साल से संगरूर और पंजाब को कुछ नहीं दिया। यूपीए सरकार ने कैंसर अस्पताल बनवाया था। सांसद सुखजिंदर रंधावा ने कहा कि 1957 में संगरूर से सांसद तेजा सिंह स्वतंत्र का संसद में निधन हो गया था और उनके थैले से केवल दो रोटी और अचार मिला था। अब आप के इलाके के ही वर्तमान मुख्यमंत्री भगवंत मान के थैले से शराब की बोतलें मिली हैं। वहीं पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी के बोलने से पहले लोगों ने उनके समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। चन्नी ने कहा कि कांग्रेस की रैली में लोग ऐसे आ रहे हैं जैसे विवाह में जा रहे हों और आप की रैलियों में ऐसे जाते हैं जैसे भोग पर जा रहे हों। चन्नी ने कहा कि उन्होंने अपने छोटे से कार्यकाल में हर वर्ग को राहत दी थी। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि हर पंजाबी इंसाफ की गुहार लगा रहा है। संगरूर ने 2027 में कांग्रेस के सरकार में आने की नींव रख दी है। आप का विकल्प केवल कांग्रेस है। आप सरकार सबसे करप्ट सरकार है। पंजाब कांग्रेस प्रधान परगट सिंह ने कहा कि पांच साल पहले संगरूर की इसी धरती से नया पंजाब देखने के सपने लोगों ने संजोए थे, लेकिन आप सरकार ने जंगलराज बना दिया है। धान की खरीद बंद हो रही है। पंजाब पुलिस स्टेट बन गया है। सीएम मान को चुनौती देते हुए परगट सिंह कहा कि पंजाब ने तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया और न ही नफरत परोसने वालों को। पगड़ी बांधकर इंकलाब नहीं लाया जा सकता है। नशा तो पंजाब के सेहत मंत्री की देन है। उन्होंने कहा कि 2029 में राहुल गांधी को देश प्रधानमंत्री देखना चाहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!