करनालचंडीगढ़जिंददेश-विदेशपंचकुलापंजाबपानीपतराज्यहरियाणा

नारनौल की सड़कों पर CM नायब सैनी के साथ तिरंगा लहराकर हजारों कदम एक साथ दौड़े*

राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
नारनौल की सड़कों पर CM नायब सैनी के साथ तिरंगा लहराकर हजारों कदम एक साथ दौड़े*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
नारनौल ;- रविवार की सुबह नारनौल की सड़कों पर तिरंगा लहरा रहा था और हजारों कदम एक साथ दौड़ रहे थे। कोई हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लेकर दौड़ रहा था तो कोई नशे के विरुद्ध संदेश लिखी टी-शर्ट पहने हुए था। शहर की सड़कों पर दौड़ते युवाओं की ऊर्जा में देशभक्ति और स्वस्थ जीवन का संदेश साफ दिखाई दे रहा था। ऐतिहासिक नगरी नारनौल में आयोजित राज्यस्तरीय हाफ मैराथन ने रविवार को पूरे हरियाणा को एक साथ दौड़ता दिखाई दिया। 67,856 प्रतिभागियों ने मैराथन के लिए पंजीकरण कराया था। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नारनौल पहुंचकर धावकों को दौड़ के लिए रवाना किया और खुद भी उनके साथ कदम मिलाते हुए नांग तिहाड़ी मोड़ तक दौड़े। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
मैराथन को मुख्यमंत्री ने राष्ट्रभक्ति से भी जोड़ दिया। उन्होंने नारनौल की धरती से ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान का आगाज किया। ऐसे में रविवार को नारनौल की सड़कें केवल मैराथन का ट्रैक नहीं रहीं, बल्कि देशभक्ति, युवा शक्ति और नशामुक्ति के संदेश का मंच बन गईं।
*सात बजे पहुंचकर सीएम ने बढ़ाया धावकों का उत्साह*
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह करीब सात बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से बनाए गए मचान से उन्होंने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने मैराथन में भाग लेने पहुंचे धावकों का उत्साह बढ़ाया और दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद मुख्यमंत्री खुद धावकों के बीच पहुंचे और उनके साथ दौड़ लगाई।
मुख्यमंत्री को अपने बीच दौड़ता देखकर युवाओं का उत्साह और बढ़ गया। मार्ग में कई स्थानों पर लोगों ने उनका स्वागत किया। सड़क किनारे खड़े लोगों ने धावकों का भी उत्साह बढ़ाया। पूरे मार्ग पर तिरंगे और दौड़ते युवाओं का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। बता दें कि मैराथन के लिए 67,856 लोगों ने पंजीकरण कराया था। इतनी बड़ी संख्या में पंजीकरण होने से आयोजन को लेकर पहले से ही उत्साह था। रविवार सुबह शहर में अलग-अलग स्थानों से प्रतिभागियों के पहुंचने के साथ ही माहौल बदल गया। कानून व्यवस्था बनाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी तैनात थे।युवा, महिलाएं, बच्चे और उम्रदराज लोग भी इस दौड़ का हिस्सा बने। कई प्रतिभागी समूहों में पहुंचे तो कई परिवार के साथ शामिल हुए। किसी के हाथ में तिरंगा था तो कोई फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश लेकर दौड़ रहा था।
*‘हर घर तिरंगा’ से घर-घर पहुंचेगा देशभक्ति का संदेश*
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नारनौल से ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान का आगाज किया। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रदेश में राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाने की मुहिम को गति देने का संदेश दिया गया। मैराथन के दौरान तिरंगे की मौजूदगी ने इस अभियान को जमीन पर उतरता हुआ भी दिखाया।
मंत्री-सांसद और विधायक भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, महेंद्रगढ़-भिवानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव, पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव, पूर्व सिंचाई मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव, पूर्व विधायक सीताराम यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष यतेंद्र राव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।मैराथन के दौरान प्रशासन और आयोजन से जुड़े अधिकारियों की टीम भी व्यवस्था संभालती रही। शहर में जगह-जगह लोगों की मौजूदगी और धावकों के उत्साह ने पूरे आयोजन को बड़े जनभागीदारी कार्यक्रम में बदल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!