जेजेपी नेता दिग्विजय ने नायब सरकार को घेरते हुए एचटेट मामले में परिणाम से लेकर ओएमआर तक उठाए सवाल*
राणा ओबराय
राष्ट्रीय खोज/भारतीय न्यूज,
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
जेजेपी नेता दिग्विजय ने नायब सरकार को घेरते हुए एचटेट मामले में परिणाम से लेकर ओएमआर तक उठाए सवाल*
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
चंडीगढ़ ;- जननायक जनता पार्टी ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को लेकर एक बार फिर भाजपा सरकार और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को कठघरे में खड़ा किया है। पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि एचटेट-2024 की कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच अब तक नहीं हुई और इसी बीच एचटेट-2026 के परिणाम भी रोके हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जवाब नहीं दिया तो जेजेपी अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। दिग्विजय ने दावा किया कि पहले तैयार किए गए परिणाम में बायोमेट्रिक सत्यापन शामिल था, लेकिन बाद में उसे रोक दिया गया। इसके बाद *1,284 नए अभ्यर्थियों को उत्तीर्ण घोषित किया गया*
उनका आरोप है कि इन अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन आज तक नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि परिणाम तड़के जारी किया गया और विरोध के बाद बोर्ड अध्यक्ष को बदल दिया गया। प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि इनसो अपना 24वां स्थापना दिवस 5 अगस्त को चंडीगढ़ में ‘छात्र विजय दिवस’ के रूप में मनाएगी। इस अवसर पर संगठन के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारी शामिल होंगे।
*सीसीटीवी फुटेज और ओएमआर शीट पर भी सवाल*
जेजेपी नेता ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, जिसे नियमों के अनुसार सुरक्षित रखा जाना चाहिए था, नष्ट कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि बोर्ड के पत्र में भी फुटेज हटाए जाने का उल्लेख है। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट के निर्देशों के बावजूद एचटेट-2024 की ओएमआर शीट नष्ट करने की कोशिश की गई, जिसे कर्मचारियों के विरोध के बाद अदालत तक ले जाया गया।
*कोचिंग सेंटरों की भूमिका की जांच की मांग*
दिग्विजय ने आरोप लगाया कि जिन 1,284 अभ्यर्थियों को बाद में उत्तीर्ण घोषित किया गया, उनके रिकॉर्ड का मिलान कुछ निजी कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों से कराया जाना चाहिए। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच से ही स्थिति स्पष्ट होगी।
*2026 के परिणाम पर भी उठी उंगली*
उन्होंने कहा कि इस वर्ष एचटेट के आवेदन बिना परीक्षा तिथि घोषित किए लिए गए और अब परिणाम मैनुअल जांच के नाम पर रोके गए हैं। उनका आरोप है कि कर्मचारियों से मिली जानकारी के अनुसार परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। दिग्विजय ने कहा कि देश में नीट परीक्षा को लेकर बड़े स्तर पर आंदोलन हुआ था। उन्होंने सवाल किया कि क्या हरियाणा सरकार भी चाहती है कि एचटेट को लेकर वैसी ही स्थिति बने। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले पर सार्वजनिक जवाब देने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की

